हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शारीरिक शिक्षा शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए राज्य सरकार ने 355 पद भरने का निर्णय लिया है। इन पदों पर भर्ती बैचवाइज आधार पर की जाएगी। इसके लिए 3 और 4 जून को प्रदेश के 12 जिलों में काउंसलिंग आयोजित होगी।
इस बार भर्ती प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है, जिससे अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी। अब उम्मीदवारों को केवल अपने ही जिले में काउंसलिंग के लिए उपस्थित होना होगा। हालांकि वे अन्य जिलों के लिए भी निर्धारित प्रपत्र में अपनी प्राथमिकताएं दर्ज कर सकते हैं। पहले उम्मीदवारों को अलग-अलग जिलों में जाकर काउंसलिंग में भाग लेना पड़ता था।
स्कूल शिक्षा विभाग के निदेशक आशीष कोहली के अनुसार, उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से डीपीएड या शारीरिक शिक्षा में 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को निर्धारित नियमों के अनुसार छूट दी जाएगी।
काउंसलिंग के लिए विभिन्न श्रेणियों के बैच निर्धारित किए गए हैं। सामान्य वर्ग के लिए 31 दिसंबर 2005 तक के, एससी अनारक्षित के लिए 31 दिसंबर 2007 तक के उम्मीदवार पात्र होंगे। इसके अलावा ईडब्ल्यूएस के लिए 2006, ओबीसी और एसटी वर्ग के लिए भी अलग-अलग कटऑफ तिथियां तय की गई हैं, जिनमें अधिकतर के लिए अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2007 या 2008 रखी गई है। अन्य विशेष श्रेणियों के लिए भी अलग प्रावधान किए गए हैं।

