IPL 2026 में रविवार को खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 23 रन से मात देकर प्लेऑफ का टिकट पक्का कर लिया। धर्मशाला में हुए इस मैच में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 222 रन बनाए। जवाब में पंजाब की टीम 8 विकेट पर 199 रन ही बना सकी। इस जीत के बाद बेंगलुरु के 18 अंक हो गए हैं और टीम इस सीजन की पहली प्लेऑफ क्वालिफायर बन गई है। दूसरी ओर पंजाब किंग्स की हार का सिलसिला लगातार छठे मैच तक पहुंच गया।
वेंकटेश और कोहली ने संभाली पारी
RCB की शुरुआत आक्रामक रही। देवदत्त पडिक्कल ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 45 रन बनाए। इसके बाद विराट कोहली ने 37 गेंदों पर 58 रन की शानदार पारी खेली। अंतिम ओवरों में वेंकटेश अय्यर ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 73 रन ठोके। टिम डेविड ने भी 12 गेंदों में 28 रन जोड़कर टीम का स्कोर 220 के पार पहुंचा दिया। पंजाब की तरफ से हरप्रीत बरार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 2 विकेट हासिल किए, जबकि अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल को 1-1 सफलता मिली।
पंजाब की खराब शुरुआत बनी हार की वजह
223 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। टीम ने शुरुआती 19 रन पर ही 3 विकेट गंवा दिए। इसके बाद कूपर कोनोली और मार्कस स्टोयनिस ने पारी संभालने की कोशिश की। शशांक सिंह ने 27 गेंदों में 56 रन बनाकर मैच में जान डालने की कोशिश की, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। RCB की गेंदबाजी में रसिख सलाम ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार ने शुरुआती झटके देकर पंजाब को दबाव में डाल दिया। वहीं जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड ने 1-1 विकेट हासिल किया।
कप्तानी करते दिखे जितेश शर्मा
इस मुकाबले में नियमित कप्तान रजत पाटीदार चोट की वजह से नहीं खेल पाए। उनकी गैरमौजूदगी में विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने बेंगलुरु की कमान संभाली।
दोनों टीमों की प्लेइंग XI
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु:
जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, टिम डेविड, जितेश शर्मा (कप्तान/विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयर : रसिख सलाम।
पंजाब किंग्स:
प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह ओमरजई, हरप्रीत बरार, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट प्लेयर : मार्कस स्टोयनिस।




