IPL 2026: राहुल-पोरेल ने राजस्थान से छीनी जीत, दिल्ली कैपिटल्स 5 विकेट से विजयी

IPL 2026: राहुल-पोरेल ने राजस्थान से छीनी जीत, दिल्ली कैपिटल्स 5 विकेट से विजयी

आईपीएल के रविवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से मात देकर अपनी प्लेऑफ उम्मीदों को जिंदा रखा। नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 193 रन बनाए। टीम की ओर से ध्रुव जुरेल ने सबसे ज्यादा 53 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान रियान पराग ने सिर्फ 26 गेंदों में तेज़ 51 रन बनाए। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भी 21 गेंदों में 46 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

राजस्थान की टीम एक समय बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन आखिरी ओवरों में लगातार विकेट गिरने से टीम 200 रन तक नहीं पहुंच सकी। दिल्ली की तरफ से मिचेल स्टार्क ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। लुंगी एनगिडी और माधव तिवारी को 2-2 सफलताएं मिलीं।

194 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली को अभिषेक पोरेल और केएल राहुल ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी कर मैच का रुख दिल्ली की ओर मोड़ दिया। पोरेल ने 31 गेंदों में 51 रन बनाए, जबकि राहुल ने 42 गेंदों पर 56 रन की अहम पारी खेली।

मध्य ओवरों में राजस्थान ने वापसी की कोशिश जरूर की। जोफ्रा आर्चर और बृजेश शर्मा ने विकेट निकालकर दबाव बनाया, लेकिन दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने 18 गेंदों में नाबाद 34 रन बनाकर टीम को संभाले रखा।

आखिरी ओवरों में आशुतोष शर्मा ने तेज़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 5 गेंदों में 18 रन ठोक दिए। उनके बल्ले से निकले चौके और छक्के ने दिल्ली को 19.2 ओवर में जीत दिला दी। राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर और बृजेश शर्मा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि दासुन शनाका को 1 सफलता मिली।

दिल्ली कैपिटल्स प्लेइंग-11

केएल राहुल, अभिषेक पोरेल, साहिल परख, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), माधव तिवारी, त्रिपुराणा विजय, मिचेल स्टार्क, मुकेश कुमार, लुंगी एनगिडी।
इम्पैक्ट प्लेयर: आशुतोष शर्मा।

राजस्थान रॉयल्स प्लेइंग-11

यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, रवि सिंह, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, यश पुंजा।
इम्पैक्ट प्लेयर: दासुन शनाका।