पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को अब मनोरंजन जगत का भी समर्थन मिलने लगा है। मशहूर रैपर और गायक Yo Yo Honey Singh ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ से मुलाकात कर पंजाब को नशामुक्त बनाने के अभियान में साथ देने का ऐलान किया।
दोनों नेताओं और कलाकारों की इस मुलाकात को पंजाब के युवाओं के लिए एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। बातचीत के दौरान “चिट्टा” और अन्य नशों के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताई गई और युवाओं को इससे बाहर निकालने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
तरुण चुघ ने कहा कि हनी सिंह ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है और युवाओं के बीच उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। ऐसे में यदि वह अपने संगीत और मंच का उपयोग नशे के खिलाफ संदेश देने में करेंगे तो इसका बड़ा असर देखने को मिल सकता है।
उन्होंने कहा, “हनी सिंह पंजाब की शान हैं। मैंने उनसे आग्रह किया है कि वे अपने गानों और शब्दों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने पंजाब को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने की इस मुहिम में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है।”
इस दौरान हनी सिंह ने भी युवाओं से अपील करते हुए कहा कि जिंदगी को सही दिशा में ले जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि मेहनत, संगीत, खेल और सकारात्मक सोच ही युवाओं को आगे बढ़ा सकती है, जबकि नशा केवल भविष्य को बर्बाद करता है।
राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इस पहल को अहम माना जा रहा है क्योंकि पंजाब लंबे समय से नशे की समस्या से जूझ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि लोकप्रिय कलाकार और सार्वजनिक हस्तियां इस तरह के अभियानों से जुड़ें तो युवाओं तक संदेश तेजी से पहुंचता है।
तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब को फिर से “रंगला पंजाब” और “सुनहरा पंजाब” बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार, सामाजिक संगठन, परिवार और कलाकार यदि एक मंच पर आएंगे तो नशे के खिलाफ लड़ाई को मजबूत किया जा सकेगा।




