फरीदकोट से कांग्रेस के पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ‘किक्की’ ढिल्लों सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय में लंबी पूछताछ के लिए पेश हुए। करीब नौ घंटे तक चली पूछताछ के बाद कार्यालय से बाहर आए ढिल्लों ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह जांच एजेंसी के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा विश्वास है।
ईडी की ओर से जारी समन के तहत पेश हुए किक्की ढिल्लों ने बताया कि एजेंसी ने जिन दस्तावेजों और जानकारियों की मांग की थी, वे सभी उपलब्ध करवा दी गई हैं। उन्होंने कहा कि वह जांच में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं डाल रहे हैं और कानून के दायरे में रहकर हर सवाल का जवाब दे रहे हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि उनका मामला पहले से ही अदालत में विचाराधीन है, इसलिए वह कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि देश की न्यायपालिका और जांच एजेंसियां अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं तथा उन्हें उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच के बाद वास्तविक तथ्य सामने आएंगे।
किक्की ढिल्लों ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर कहा कि उन्होंने कोई गैरकानूनी कार्य नहीं किया है और इसी कारण उन्हें किसी प्रकार की चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि जांच एजेंसी भविष्य में भी उन्हें बुलाती है तो वह पूरी जिम्मेदारी के साथ उपस्थित होंगे और हर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
राजनीतिक गलियारों में इस पूछताछ को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि ढिल्लों ने इस पूरे मामले को कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा बताते हुए कहा कि वह किसी भी तरह की अटकलों पर प्रतिक्रिया देने के बजाय जांच पूरी होने का इंतजार करना उचित समझते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि सत्य और तथ्य अंततः सबके सामने आएंगे और उन्हें न्याय मिलेगा।




