IPL 2026: इकाना में LSG बनाम KKR – दूसरी टक्कर, आंकड़ों में लखनऊ आगे

IPL 2026: इकाना में LSG बनाम KKR – दूसरी टक्कर, आंकड़ों में लखनऊ आगे

IPL में आज शाम का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा। मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में रात 7:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमें इस सीजन दूसरी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले 3 अप्रैल को कोलकाता में हुए मुकाबले में लखनऊ ने 3 विकेट से जीत दर्ज की थी। हालांकि, इस सीजन में दोनों टीमों का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है और पॉइंट्स टेबल में निचले पायदान पर हैं। LSG ने 7 में से 2 मुकाबले जीते हैं, जबकि KKR को 7 मैचों में सिर्फ एक जीत मिली है।

हेड टू हेड रिकॉर्ड लखनऊ के पक्ष में
अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 7 मैच खेले गए हैं, जिनमें लखनऊ ने 5 बार बाजी मारी है। वहीं, कोलकाता को केवल 2 जीत मिली हैं।

LSG के लिए मार्श और प्रिंस चमके
लखनऊ की ओर से मिचेल मार्श इस सीजन शानदार लय में हैं। उन्होंने 7 मैचों में 210 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने प्रभाव छोड़ा है और 13 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज बने हैं।

KKR में युवा बल्लेबाज और त्यागी पर भरोसा
कोलकाता के लिए अंगकृष रघुवंशी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने 7 मैचों में 200 रन बनाए हैं और दो अर्धशतक भी जड़े हैं। गेंदबाजी में कार्तिक त्यागी ने 8 विकेट हासिल किए हैं।

पिच रिपोर्ट और आंकड़े
इकाना स्टेडियम की पिच आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों को मदद करती है। यहां खेले गए 25 IPL मुकाबलों में 14 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती है, जबकि 10 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम सफल रही है। एक मैच का नतीजा नहीं निकला। इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर KKR के नाम है, जिन्होंने 2024 में 235/6 रन बनाए थे। वहीं, सबसे कम स्कोर LSG का है, जो 2023 में 108 रन पर सिमट गई थी।

मौसम रहेगा बेहद गर्म
लखनऊ में मैच के दौरान तापमान 43 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। तेज धूप के साथ हवा की रफ्तार करीब 19 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है।

संभावित प्लेइंग इलेवन
लखनऊ सुपर जायंट्स: मिचेल मार्श, आयुष बडोनी, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), ऐडन मार्करम, निकोलस पूरन, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी, मयंक यादव, हिम्मत सिंह।

कोलकाता नाइट राइडर्स: टिम साइफर्ट, सुनील नरेन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, रोवमन पॉवेल, अनूकुल रॉय, वैभव अरोरा, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती।