IPL 2026: पंजाब राजस्थान आज आमने-सामने, आंकड़ों में रॉयल्स आगे, लेकिन किंग्स टॉप पर बरकरार

IPL 2026: पंजाब राजस्थान आज आमने-सामने, आंकड़ों में रॉयल्स आगे, लेकिन किंग्स टॉप पर बरकरार

IPL 2026 में मंगलवार को एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा, जहां पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में शाम 7:30 बजे भिड़ेंगे। मौसम साफ रहने की उम्मीद है और बारिश का खतरा नहीं है, हालांकि तापमान 25 से 38 डिग्री के बीच रह सकता है।

इस सीजन की बात करें तो पंजाब किंग्स शानदार फॉर्म में है और अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर काबिज है। टीम ने अब तक 7 में से 6 मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ था। दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स ने 8 में से 5 मैच जीते हैं और 3 में हार का सामना किया है।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो यहां राजस्थान का पलड़ा भारी दिखता है। दोनों टीमों के बीच खेले गए 30 मुकाबलों में से 17 में राजस्थान ने जीत दर्ज की है, जबकि पंजाब को 12 मैचों में सफलता मिली है और एक मैच टाई रहा है। हालांकि न्यू चंडीगढ़ के इस मैदान पर खेले गए दोनों मुकाबले पंजाब के नाम रहे हैं।

प्लेयर परफॉर्मेंस की बात करें तो पंजाब के प्रभसिमरन सिंह इस सीजन शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने 7 मैचों में 287 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 192.61 का रहा है। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने भी 7 विकेट लेकर टीम को मजबूती दी है।

राजस्थान की ओर से वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जमकर बोल रहा है। उन्होंने 8 मैचों में 357 रन बनाए हैं और हाल ही में हैदराबाद के खिलाफ शतक भी जड़ा था। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर ने 13 विकेट लेकर विपक्षी टीमों के लिए मुश्किलें खड़ी की हैं।

पिच रिपोर्ट के अनुसार, महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम की विकेट बल्लेबाजों के लिए अनुकूल रहती है, लेकिन तेज गेंदबाजों को भी यहां मदद मिलती है। इस मैदान पर अब तक 14 IPL मैच खेले जा चुके हैं और इस सीजन पंजाब ने यहां 254/7 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था।

संभावित प्लेइंग-11

पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, नेहल वढेरा।

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, रवि बिश्नोई, वैभव सूर्यवंशी।