IPL सीजन में मुंबई इंडियंस की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। टीम को इस बार अपने ही घर वानखेड़े स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी। यह मुंबई की इस सीजन में छठी हार है, जबकि घरेलू मैदान पर लगातार चौथी बार टीम को निराशा हाथ लगी। दूसरी ओर, हैदराबाद ने शानदार लय जारी रखते हुए लगातार पांचवीं जीत दर्ज की।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 243 रन बनाए। ओपनर रायन रिकेल्टन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों में नाबाद 123 रन जड़े, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा विल जैक्स ने 46 रन और कप्तान हार्दिक पंड्या ने 31 रन का योगदान दिया।
हालांकि इतना बड़ा स्कोर भी मुंबई के काम नहीं आया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत दमदार रही। ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा ने पहले विकेट के लिए तेज 129 रन जोड़कर मैच का रुख बदल दिया। हेड ने 76 रन की अहम पारी खेली, जबकि अभिषेक 45 रन बनाकर आउट हुए।
मध्यक्रम में हेनरिक क्लासन ने जिम्मेदारी संभाली और तेज़ अर्धशतक लगाते हुए मैच खत्म किया। उन्होंने 30 गेंदों में नाबाद 65 रन बनाकर टीम को 18.4 ओवर में जीत दिला दी।
मुंबई की गेंदबाजी में अल्लाह गजनफर ने लगातार दो विकेट लेकर उम्मीद जगाई, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिल सकी। वहीं हैदराबाद की ओर से प्रफुल्ल हिंगे ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि अन्य गेंदबाजों को एक-एक सफलता मिली।
इस जीत के साथ हैदराबाद अंक तालिका में 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि मुंबई इंडियंस 9वें स्थान पर बनी हुई है।




