आईपीएल के 22वें मैच में आज चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने होंगी। मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में शाम 7:30 बजे खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले होगा। इस सीजन में दोनों टीमों की यह पहली भिड़ंत है और दोनों ही टीमें अपना पांचवां मैच खेलने उतरेंगी।
चेन्नई का प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। टीम ने चार में से सिर्फ एक मैच जीता है और अंक तालिका में निचले पायदान पर है। वहीं, कोलकाता की हालत भी कुछ खास नहीं है, उसे अब तक जीत का स्वाद नहीं मिला है। चार मैचों में तीन हार और एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो चुका है।
सबकी नजरें एक बार फिर एमएस धोनी पर टिकी हैं, लेकिन उनके इस मैच में खेलने की संभावना कम मानी जा रही है। पिछले मुकाबले में भी वे टीम के साथ मैदान पर नहीं दिखे थे। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने संकेत दिया है कि धोनी फिलहाल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और जल्द वापसी कर सकते हैं।
अगर हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो चेन्नई का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 33 मुकाबले हुए हैं, जिनमें चेन्नई ने 21 बार जीत दर्ज की है, जबकि कोलकाता को 12 जीत मिली हैं। खासतौर पर चेपॉक में चेन्नई का दबदबा साफ नजर आता है।
बैटिंग में चेन्नई के लिए संजू सैमसन शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने तेज स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए एक शतक भी लगाया है। उनके अलावा आयुष म्हात्रे ने भी लगातार अच्छी पारियां खेली हैं। गेंदबाजी में अंशुल कंबोज सबसे सफल रहे हैं, जबकि जेमी ओवर्टन ने भी अहम विकेट निकाले हैं।
कोलकाता की तरफ से युवा खिलाड़ी अंगकृष रघुवंशी ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। उन्होंने चार मैचों में अच्छा प्रदर्शन करते हुए दो अर्धशतक लगाए हैं। गेंदबाजी में वैभव अरोरा ने टीम को शुरुआती सफलताएं दिलाई हैं।
चेपॉक की पिच अब पहले जैसी स्पिन फ्रेंडली नहीं रही। यहां बल्लेबाजों को भी मदद मिलती है और बड़े स्कोर बन रहे हैं। ओस के कारण दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो जाती है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है। इस सीजन में यहां खेले गए दोनों मैच हाई स्कोरिंग रहे हैं।
मौसम की बात करें तो आज बारिश की कोई संभावना नहीं है। हल्के बादलों के बीच मैच खेला जाएगा और तापमान 27 से 31 डिग्री के बीच रह सकता है।
संभावित टीमें:
चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड़, आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, जैमी ओवर्टन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, गुरजपनीत सिंह (इम्पैक्ट: अकील हुसैन)
कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे, फिन एलन, कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी, कार्तिक त्यागी (इम्पैक्ट: वैभव अरोरा)



