SIP की सही तारीख क्या होनी चाहिए? जानिए निवेश का असली मंत्र, वरना हो सकता है नुकसान!

SIP की सही तारीख क्या होनी चाहिए? जानिए निवेश का असली मंत्र, वरना हो सकता है नुकसान!

म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों के बीच अक्सर यह सवाल उठता है कि SIP (सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) किस तारीख को शुरू की जाए ताकि ज्यादा फायदा मिले। कई लोग मानते हैं कि सही दिन चुनने से रिटर्न में बड़ा अंतर आ सकता है, लेकिन हकीकत इससे थोड़ी अलग है।

दरअसल, विशेषज्ञों की मानें तो SIP की तारीख से ज्यादा जरूरी है आपका निवेश का अनुशासन और समय। एक स्टडी में पिछले 10 साल (मार्च 2015 से मार्च 2025) के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया, जिसमें पाया गया कि महीने की अलग-अलग तारीखों पर निवेश करने से रिटर्न में बहुत मामूली फर्क पड़ता है। औसतन रिटर्न 13.07% से 13.26% के बीच रहा। अगर कोई निवेशक हर महीने ₹2000 की SIP करता है, तो 10 साल में कुल अंतर सिर्फ करीब ₹6,000 तक सीमित रहा।

छोटी अवधि में फर्क, लंबी अवधि में बराबरी
अगर आप कम समय जैसे 6 महीने या 1 साल के लिए निवेश करते हैं, तो बाजार की चाल के कारण तारीख का थोड़ा असर दिख सकता है। लेकिन जब निवेश का समय 10-15 साल या उससे ज्यादा होता है, तो ‘रुपी कॉस्ट एवरेजिंग’ अपने आप असर दिखाती है और कीमतों का उतार-चढ़ाव बैलेंस हो जाता है।

असल में रिटर्न किन बातों पर निर्भर करता है?
निवेश का मुनाफा इस बात से तय होता है कि आपने किस तरह की स्कीम चुनी है—लार्ज कैप, मिड कैप या स्मॉल कैप। इसके अलावा आप कितने लंबे समय तक निवेश में बने रहते हैं और हर साल अपनी SIP राशि बढ़ाते हैं या नहीं, यह भी अहम भूमिका निभाता है। बाजार गिरने पर निवेश जारी रखना भी लंबे समय में बेहतर रिटर्न दिला सकता है।

तो आखिर किस दिन करें SIP?
SIP की तारीख चुनते समय बाजार नहीं, बल्कि अपनी आमदनी को प्राथमिकता दें। अगर आपकी सैलरी महीने की शुरुआत में आती है, तो 1 से 5 तारीख के बीच SIP सेट करना समझदारी होगी। इससे आपके खाते में बैलेंस की कमी नहीं होगी और किस्त मिस होने का खतरा भी खत्म रहेगा।

SIP में सफलता का राज सही तारीख नहीं, बल्कि नियमितता और धैर्य है। समय के साथ निवेश को जारी रखना ही आपको बेहतर रिटर्न दिलाता है।