पंजाब की राजनीति में बड़ा उलटफेर, CM मान की मौजूदगी में पूर्व सांसद राजमोहिंदर सिंह ‘आप’ में शामिल

पंजाब की राजनीति में बड़ा उलटफेर, CM मान की मौजूदगी में पूर्व सांसद राजमोहिंदर सिंह ‘आप’ में शामिल

पंजाब की राजनीति में नगर कौंसिल चुनावों के बीच एक बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। मजीठा हलके से जुड़े वरिष्ठ अकाली नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद राजमोहिंदर सिंह मजीठिया ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल करवाया गया।

राजमोहिंदर सिंह मजीठिया के साथ पूर्व आरटीए कमिश्नर हेम इंदर सिंह मजीठा और सुखदीप सिंह गिल मजीठा ने भी AAP जॉइन की। इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा और पंजाब के विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाने में उनकी अहम भूमिका रहेगी।

राजमोहिंदर सिंह मजीठिया लंबे समय से पंजाब की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वे शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते रहे हैं और मजीठा क्षेत्र में उनका मजबूत राजनीतिक प्रभाव माना जाता है। इसके अलावा वे पूर्व विधायक, पूर्व राज्यसभा सदस्य, चीफ खालसा दीवान के संरक्षक और खालसा कॉलेज के अध्यक्ष व मानद सचिव जैसी जिम्मेदारियां भी निभा चुके हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नगर कौंसिल चुनावों से ठीक पहले उनका AAP में शामिल होना मजीठा क्षेत्र की राजनीति में बड़ा असर डाल सकता है। माना जा रहा है कि इससे आम आदमी पार्टी को स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक मजबूती मिलेगी, वहीं अकाली दल को बड़ा राजनीतिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में बड़ी संख्या में लोग विकास और पारदर्शी राजनीति के लिए AAP के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पार्टी को राज्यभर में और मजबूती मिलेगी।

मजीठा हलके में इस राजनीतिक बदलाव को आगामी निकाय चुनावों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में कई अन्य नेता भी AAP में शामिल हो सकते हैं, जिससे पंजाब की सियासत में नए समीकरण बनने के संकेत मिल रहे हैं।