हर रविवार की तरह इस बार भी सदी के महानायक Amitabh Bachchan अपने घर ‘जलसा’ के बाहर फैंस से मिलने पहुंचे, लेकिन इस दौरान एक अप्रत्याशित घटना हो गई। भारी भीड़ के बीच मौजूद एक शख्स अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जैसे ही व्यक्ति की तबीयत बिगड़ी, आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला और भीड़ से बाहर निकालने की कोशिश की। फिलहाल उस व्यक्ति की पहचान और उसकी सेहत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन का ‘संडे दर्शन’ फैंस के बीच काफी लोकप्रिय है। हर हफ्ते बड़ी संख्या में लोग उनकी एक झलक पाने के लिए जलसा के बाहर इकट्ठा होते हैं।
इसी बीच कुछ दिन पहले बिग बी के अस्पताल में भर्ती होने की खबरें भी चर्चा में थीं। एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि उन्हें मुंबई के नानावटी अस्पताल में एडमिट कराया गया है। हालांकि बाद में परिवार के करीबी सूत्रों ने स्पष्ट किया कि अमिताभ बच्चन सिर्फ रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए अस्पताल गए थे और जांच के बाद घर लौट आए थे।
इन खबरों के बावजूद अमिताभ बच्चन ने अपने नियमित कार्यक्रम जारी रखे। पिछले रविवार को भी वे हमेशा की तरह फैंस से मिलने घर के बाहर आए थे। वहीं सोशल मीडिया पर उन्होंने कुछ रहस्यमयी पोस्ट और ब्लॉग भी साझा किए थे, जिसने लोगों का ध्यान खींचा।




