दक्षिण अटलांटिक क्षेत्र में एक क्रूज शिप से जुड़े हंता वायरस संक्रमण ने वैश्विक स्वास्थ्य एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) ने जानकारी दी है कि अब तक पांच यात्रियों में एंडीज हंता वायरस की पुष्टि हुई है, जबकि तीन अन्य मामलों की जांच जारी है। कुल आठ लोग गंभीर श्वसन संबंधी बीमारी की चपेट में आए हैं और इनमें से तीन मरीजों की मौत हो चुकी है।
संक्रमण का संबंध ‘एमवी होंडियस’ नाम के क्रूज जहाज से बताया गया है, जो सुदूर ब्रिटिश क्षेत्र सेंट हेलेना के पास यात्रा कर रहा था। WHO ने उन 12 देशों को अलर्ट जारी किया है, जहां के यात्री इस जहाज से उतर चुके हैं। इनमें अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, जर्मनी, स्वीडन, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड, न्यूजीलैंड, डेनमार्क, नीदरलैंड्स, तुर्की और सेंट किट्स एंड नेविस शामिल हैं।
जिनेवा में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में WHO प्रमुख टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस ने कहा कि यदि समय रहते स्वास्थ्य सुरक्षा उपाय लागू किए गए तो संक्रमण को सीमित रखा जा सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि कई देशों में यात्रियों और उनके संपर्क में आए लोगों की निगरानी चल रही है, इसलिए नए मामलों के सामने आने की आशंका बनी हुई है।
WHO के मुताबिक अर्जेंटीना की प्रयोगशालाओं से करीब 2,500 हंतावायरस टेस्ट किट पांच देशों को भेजी जा रही हैं ताकि जांच तेज की जा सके। वहीं जहाज संचालित करने वाली डच कंपनी ओशनवाइड एक्सपेडिशन्स ने बताया कि ‘एमवी होंडियस’ पर 23 देशों के कुल 149 लोग मौजूद थे।
इस बीच स्पेन के कैनेरी द्वीप समूह में दो संदिग्ध संक्रमितों को एयर एंबुलेंस में अलग रखकर निगरानी में रखा गया है।




