हिसार पुलिस पर दुष्यंत चौटाला के गंभीर आरोप, जांच प्रक्रिया पर उठाए सवाल

हिसार पुलिस पर दुष्यंत चौटाला के गंभीर आरोप, जांच प्रक्रिया पर उठाए सवाल

हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हिसार में पुलिस कार्रवाई को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन पुलिस अधिकारियों पर सवाल उठ रहे हैं, वही जांच टीम का हिस्सा बनकर खुद को क्लीन चिट देने की कोशिश कर रहे हैं।

चौटाला के मुताबिक, जब पुलिस टीमें कार्यकर्ताओं के घरों पर पहुंचीं, उस दौरान संबंधित डीएसपी भी उसी टीम में मौजूद थे। उन्होंने दावा किया कि टीम के पास हथियार थे, जिनके सबूत सीसीटीवी फुटेज में देखे जा सकते हैं। इसके बावजूद अब तक न तो कोई निष्पक्ष जांच हुई है और न ही किसी पर मामला दर्ज किया गया है।

जजपा कार्यालय में 27 अप्रैल को प्रस्तावित महापंचायत की तैयारी को लेकर बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम छात्रों के मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश है। उन्होंने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार असल मुद्दों से बचना चाहती है।

उन्होंने यह भी बताया कि उनका काफिला करीब तीन किलोमीटर तक रोका गया और इस दौरान एक पुलिसकर्मी उनके सामने आकर खड़ा हो गया। इस मामले में अग्रोहा और अर्बन एस्टेट थानों में शिकायतें दी गईं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कुछ पीड़ित कार्यकर्ताओं के अनुभव भी साझा किए। आरोप है कि रात के समय पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में घरों में घुसे, डीवीआर जब्त किए और परिवार के सदस्यों को डराया-धमकाया। कुछ मामलों में बच्चों के सामने हथियार लोड करने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी मामलों को लेकर वे कानूनी लड़ाई लड़ेंगे और जब तक व्यवस्था में बदलाव नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं और छात्रों से 27 अप्रैल को होने वाली महापंचायत में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।