सिंगापुर कोर्ट का बड़ा फैसला: Byju’s फाउंडर बायजू रवींद्रन को 6 महीने की जेल

सिंगापुर कोर्ट का बड़ा फैसला: Byju’s फाउंडर बायजू रवींद्रन को 6 महीने की जेल

एडटेक कंपनी Byju’s के संस्थापक और कारोबारी बायजू रवींद्रन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। सिंगापुर की अदालत ने कोर्ट की अवमानना के मामले में उन्हें 6 महीने की जेल की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने उन पर 70,500 डॉलर का जुर्माना भी लगाया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अदालत का कहना है कि रवींद्रन ने अप्रैल 2024 से उनकी संपत्तियों से जुड़े कई न्यायिक आदेशों का पालन नहीं किया। इसी वजह से कोर्ट ने यह कड़ा रुख अपनाया। अदालत ने उन्हें अधिकारियों के सामने सरेंडर करने का निर्देश भी दिया है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने बायजू रवींद्रन को बीयर इन्वेस्टको प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े दस्तावेज पेश करने को कहा। अदालत का मानना है कि ये दस्तावेज कंपनी की कानूनी हिस्सेदारी और स्वामित्व को स्पष्ट करने के लिए जरूरी हैं।

बता दें कि Byju’s के फाउंडर पहले से कई कानूनी विवादों में घिरे हुए हैं। अमेरिका समेत कई देशों में निवेशकों और कर्जदाताओं ने उनके खिलाफ मुकदमे दायर किए हैं। अमेरिकी लेंडर्स 1.2 अरब डॉलर के टर्म लोन से जुड़े नुकसान की भरपाई की मांग कर रहे हैं। एक समय भारत की सबसे चर्चित एडटेक कंपनियों में शामिल Byju’s ने बायजू रवींद्रन को बड़ी पहचान और दौलत दिलाई थी। हालांकि पिछले कुछ समय से कंपनी आर्थिक संकट, कर्मचारियों की छंटनी और निवेशकों के विवादों को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई है।

सिंगापुर में चल रहे इस केस को कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी की एक सहयोगी कंपनी आगे बढ़ा रही है। यह वही निवेशक समूह है जिसने उस समय कंपनी में निवेश किया था, जब Byju’s फंडिंग जुटाने की कोशिश कर रही थी।