अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ अब घर बैठे डराएगी-हंसाएगी, OTT रिलीज को लेकर बड़ा अपडेट

अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ अब घर बैठे डराएगी-हंसाएगी, OTT रिलीज को लेकर बड़ा अपडेट

सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने वाली है। बड़े पर्दे पर दर्शकों को डर और कॉमेडी का जबरदस्त मिश्रण देने के बाद फिल्म अब डिजिटल ऑडियंस को एंटरटेन करने की तैयारी में है। खबरों के मुताबिक, फिल्म जून के दूसरे हफ्ते में नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम की जा सकती है। हालांकि अभी तक मेकर्स की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा तेज हो चुकी है।

प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की सुपरहिट जोड़ी ने एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत लिया है। लंबे समय बाद दोनों ने साथ काम किया और नतीजा बॉक्स ऑफिस पर साफ दिखाई दिया। ‘हेरा फेरी’ और ‘भूल भुलैया’ जैसी फिल्मों के बाद इस नई हॉरर-कॉमेडी ने भी फैंस को खूब हंसाया और रोमांचित किया। रिलीज के बाद से ही फिल्म को फैमिली ऑडियंस का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला।

कमाई की बात करें तो ‘भूत बंगला’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 175 करोड़ रुपये की नेट कमाई की है। वहीं दुनियाभर में फिल्म का कलेक्शन लगभग 240 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। शुरुआती दिनों की तुलना में बाद में फिल्म की रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर हुई, लेकिन इसके बावजूद यह फिल्म साल की सफल फिल्मों में गिनी जा रही है।

फिल्म की स्टारकास्ट भी इसकी सबसे बड़ी ताकत बनी। अक्षय कुमार के साथ वामिका गब्बी ने मुख्य भूमिका निभाई, जबकि तब्बू, परेश रावल, राजपाल यादव, मिथिला पालकर, जिस्सू सेनगुप्ता, राजेश शर्मा और मनोज जोशी जैसे कलाकारों ने कहानी में जबरदस्त रंग भरे। खास तौर पर परेश रावल और राजपाल यादव की कॉमिक टाइमिंग दर्शकों को काफी पसंद आई।

इस फिल्म को अक्षय कुमार, एकता कपूर और शोभा कपूर ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। हॉरर और कॉमेडी के संतुलन के चलते फिल्म ने युवाओं से लेकर फैमिली ऑडियंस तक सभी को थिएटर तक खींचा।

वहीं ‘भूत बंगला’ की सफलता के बाद अक्षय कुमार के आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर भी फैंस में जबरदस्त उत्साह है। आने वाले समय में वह ‘वेलकम टू द जंगल’, ‘हैवान’ और ‘गोलमाल 5’ जैसी बड़ी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। लगातार नई फिल्मों की घोषणाओं से एक बार फिर अक्षय कुमार बॉलीवुड के सबसे चर्चित सितारों में शामिल हो गए हैं।