अमृतसर में बीजेपी का जनसंपर्क अभियान तेज, तरुण चुघ ने ‘चाय संवाद’ में घेरा पंजाब सरकार; बोले- नशा और गैंगस्टरवाद ने बिगाड़ी स्थिति

अमृतसर में बीजेपी का जनसंपर्क अभियान तेज, तरुण चुघ ने ‘चाय संवाद’ में घेरा पंजाब सरकार; बोले- नशा और गैंगस्टरवाद ने बिगाड़ी स्थिति

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने अमृतसर में भाजपा के जनसंपर्क अभियान के तहत लोगों के साथ ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम किया और पंजाब की मौजूदा कानून-व्यवस्था, नशे की समस्या तथा गैंगस्टर गतिविधियों को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य गंभीर चुनौतियों के दौर से गुजर रहा है और आम जनता अब बदलाव चाहती है।

अमृतसर के हाथी गेट स्थित शर्मा टी स्टाल पर आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या मौजूद रही। कार्यक्रम के दौरान भाजपा समर्थक “पश्चिम बंगाल में जीत के बाद अब पंजाब की बारी” जैसे पोस्टर लेकर पहुंचे। तरुण चुघ ने कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ चाय की चुस्कियां लीं, खुद चाय बनाकर लोगों को परोसी और मिठाई बांटकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम के दौरान तरुण चुघ ने कहा कि पंजाब में नशे का बढ़ता जाल, गैंगस्टर नेटवर्क और भ्रष्टाचार लोगों की सबसे बड़ी चिंता बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार इन समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में विफल रही है।

चुघ ने कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी को रोजगार और सकारात्मक अवसरों की जरूरत है, लेकिन राज्य में लगातार बिगड़ते हालातों के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पंजाब को विकास, सुरक्षा और निवेश के नए रास्ते पर ले जाना चाहती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता व्यापार, कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्रों को फिर से मजबूत करना है। इसके लिए पार्टी योजनाबद्ध तरीके से काम करने की रणनीति तैयार कर रही है, ताकि राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिले और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें।

सीएम भगवंत मान और आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए तरुण चुघ ने कहा कि चुनावों के दौरान किए गए कई बड़े वादे अब तक अधूरे पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों से जुड़े मुद्दों पर सरकार उम्मीदों के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाई है।

चुघ ने कहा कि पंजाब की जनता अब ऐसी सरकार चाहती है जो कानून व्यवस्था को मजबूत करे और राज्य को नशा एवं गैंगस्टर मुक्त बनाने के लिए सख्त कदम उठाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि भाजपा को पंजाब में अवसर मिला तो राज्य में संगठित अपराध और ड्रग नेटवर्क के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा पंजाब में लगातार जमीनी स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ा रही है। छोटे जनसंपर्क कार्यक्रमों और स्थानीय संवादों के जरिए पार्टी आम लोगों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। अमृतसर में आयोजित यह ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम भी भाजपा की उसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके माध्यम से पार्टी आगामी चुनावों से पहले पंजाब में राजनीतिक माहौल तैयार करने में जुटी हुई है।