“लंबे इंतजार के बाद हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने किए ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त, संगठन में हलचल तेज”

“लंबे इंतजार के बाद हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने किए ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त, संगठन में हलचल तेज”

हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने ब्लॉक स्तर पर अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है, जो काफी समय से लंबित थी।

गौरतलब है कि 6 नवंबर 2024 को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रदेश, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणियों को भंग कर दिया था। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पहले प्रदेश और फिर जिला स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई।

अब करीब 528 दिनों के लंबे अंतराल के बाद ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा की गई है। हाल ही में हुई पार्टी बैठक में इस देरी को लेकर सवाल भी उठे थे, जहां जिला अध्यक्षों ने जल्द नियुक्तियां करने की मांग रखी थी।

बताया जा रहा है कि विनय कुमार ने जिला अध्यक्षों से चर्चा के बाद ब्लॉक अध्यक्षों के नाम तय किए। प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव विनोद जिंटा की ओर से इन नियुक्तियों की आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।

प्रदेश में कांग्रेस के कुल 72 ब्लॉक हैं, जिनमें से 71 पर नियुक्तियां कर दी गई हैं। हालांकि, कसुम्पटी ब्लॉक के अध्यक्ष का नाम अभी घोषित नहीं किया गया है।