नौतपा में खानपान की लापरवाही पड़ सकती है भारी, इन चीजों से बनाएं दूरी

नौतपा में खानपान की लापरवाही पड़ सकती है भारी, इन चीजों से बनाएं दूरी

नौतपा के दिनों में सूरज की तपिश और गर्म हवाएं लोगों की सेहत पर सीधा असर डालती हैं। ऐसे में खानपान में छोटी सी गलती भी शरीर को नुकसान पहुंचा सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक इस भीषण गर्मी में कुछ खाद्य पदार्थ शरीर का तापमान बढ़ाकर डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और पेट से जुड़ी परेशानियों का कारण बन सकते हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, गर्मियों में ज्यादा तला-भुना और फास्ट फूड खाने से शरीर को भोजन पचाने में अधिक मेहनत करनी पड़ती है। बर्गर, पिज्जा, फ्रेंच फ्राइज और ऑयली स्नैक्स शरीर के भीतर गर्मी बढ़ा सकते हैं। वहीं ज्यादा मसालेदार खाना भी शरीर में जलन और बेचैनी बढ़ा सकता है।

विशेषज्ञ रेड मीट से भी दूरी बनाने की सलाह देते हैं। इसे पचाने में शरीर ज्यादा ऊर्जा खर्च करता है, जिससे थकान और गर्मी ज्यादा महसूस हो सकती है। इसके अलावा पैकेज्ड स्नैक्स जैसे चिप्स और नमकीन में मौजूद अधिक नमक शरीर का फ्लूइड बैलेंस बिगाड़ सकता है और पानी की कमी पैदा कर सकता है।

गर्मी में लोग राहत पाने के लिए कोल्ड ड्रिंक और सोडा का सेवन ज्यादा करते हैं, लेकिन इनमें मौजूद शुगर शरीर को डिहाइड्रेट कर सकती है। चाय, कॉफी और एनर्जी ड्रिंक्स में पाया जाने वाला कैफीन भी शरीर से पानी तेजी से कम करता है। वहीं शराब का सेवन भी इस मौसम में नुकसानदायक माना गया है।

नौतपा के दौरान बासी और खुले में रखा खाना खाने से भी बचने की सलाह दी जाती है। तेज तापमान में भोजन जल्दी खराब हो सकता है, जिससे फूड पॉइजनिंग, उल्टी-दस्त और टायफाइड जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। बहुत ज्यादा ठंडी या बर्फ वाली चीजें भी शरीर को अचानक तापमान का झटका दे सकती हैं।

डॉक्टर्स का कहना है कि इस मौसम में शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए नारियल पानी, छाछ, लस्सी, सत्तू और बेल का शरबत फायदेमंद माना जाता है। साथ ही ताजे फल और भरपूर पानी का सेवन करना चाहिए ताकि शरीर गर्मी के असर से सुरक्षित रह सके।