रामलला के आज दर्शन करेंगे एलन मस्क के पिता:मंदिर में 30 मिनट रहेंगे, राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा का दूसरा दिन, पढ़िए आज क्या होगा दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क के पिता अयोध्या आ रहे हैं। एरोल मस्क राम मंदिर में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा आयोजन के दूसरे दिन अयोध्या में होंगे। वह रामलला के दर्शन करेंगे, यहां वह 30 मिनट तक ठहरेंगे। इसके बाद हनुमान गढ़ी और कनक भवन में भी दर्शन पूजन करेंगे। वह सरयू तट पर भी जा सकते हैं। अयोध्या एडमिनिस्ट्रेशन के मुताबिक, एरोल मस्क बुधवार दोपहर 12 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। वह सीधे राम मंदिर जाएंगे। 30 मिनट तक मंदिर परिसर में वक्त बिताएंगे। दर्शन के साथ वह राम मंदिर का निर्माण भी देखेंगे। प्राण प्रतिष्ठा का दूसरा दिन : वेदी पूजन से शुरुआत होगी राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा का बुधवार को दूसरा दिन है। 4 जून सुबह 6.30 बजे से पूजन शुरू होंगे। वेदी पूजन, षोडश मात्रिका व सप्त मात्रिका पूजन, योगिनी पूजन, वास्तु पूजन, क्षेत्र पाल पूजन, सर्वतोभद्र पूजन, नवग्रह पूजन, यज्ञकुंड संस्कार, कुश कंडिका, प्रणिता प्रोक्षनी स्थापना, अग्नि सिंचन के बाद पंच वारुणी हवन किया जाएगा। इसके बाद पीठ स्थापित देवताओं का आह्वान और पूजन किया जाएगा। मूर्तियों के संस्कार की विधि शुरू होगी। इस दौरान भक्त भी दर्शन कर सकेंगे। भारत दौरे पर हैं एरोल
एरोल मस्क को हाल ही में भारतीय कंपनी सर्वोटेक के ग्लोबल एडवाइजरी बोर्ड में शामिल हुए थे। वह 1 से 6 जून तक भारत यात्रा पर हैं। एरोल मस्क 2 जून को दिल्ली में सर्वोटेक के अधिकारियों से मिले थे। अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के बाद वह हरियाणा में सर्वोटेक की सौर और ईवी चार्जर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का दौरा करेंगे। ……… यह भी पढ़ें : जहां राम दरबार स्थापित होगा, वहां की पहली तस्वीरें, अयोध्या में 7 मंदिरों की प्राण प्रतिष्ठा शुरू, 101 पुजारी पढ़ेंगे 1975 मंत्र अयोध्या में राम मंदिर के पहले तल पर राम दरबार समेत 8 मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। समारोह आज सुबह 6:30 से शुरू हुआ। यह तीन दिन तक होगा। 101 पुजारी इस दौरान 1975 मंत्रों का पाठ करेंगे। साथ ही रामरक्षा स्तोत्र, हनुमान चालीसा और अन्य भक्ति भजनों का पाठ किया जाएगा। वहीं, राम मंदिर ट्रस्ट ने राम दरबार के अंदर की 2 तस्वीरें जारी की हैं। पढ़िए पूरी खबर…