प्रेमानंद महाराज 40 साल से अपने गांव नहीं लौटे:जिस स्कूल में पढ़े, वो जर्जर; दोस्त बोले- संन्यासियों की सेवा के लिए स्कूल छोड़ देते थे गांव के बीच में शिव मंदिर, वहां पूजा करती महिलाएं। खेतों में गेहूं की कटाई चल रही है। लोग चबूतरे पर बैठे देश-दुनिया की बात कर रहे हैं। यह सीन है कानपुर के अखरी गांव का। यहां प्रेमानंद का जिक्र होते ही लोग तपाक से कहते हैं- कौन अनिरुद्ध पांडेय? वो तो यही के रहने वाले हैं। यहीं पास में उनका घर है। ये सामने के शिव मंदिर में ही तो पूजा किया करते थे। वृंदावन के राधा केली कुंज आश्रम में प्रेमानंद महाराज का जन्मदिन महोत्सव मनाया जा रहा है। इससे इतर उनकी जन्मस्थली गांव में माहौल बिल्कुल सामान्य है। प्रेमानंद महाराज जिस गांव में 40 साल से नहीं लौटे, दैनिक भास्कर ऐप की टीम उस अखरी गांव में पहुंची। गांव का माहौल क्या है? प्रेमानंदजी के परिवार वाले कैसे हैं? दोस्त उनके बारे में क्या कहते हैं? पढ़िए रिपोर्ट… घर पर लिखा- श्रीगोविंद शरणजी महाराज जन्मस्थली
हमारी टीम कानपुर मुख्यालय से 30 Km दूर सरसौल इलाके के अखरी गांव पहुंची। यहां दाखिल होते ही एक प्राइमरी स्कूल दिखा। इसके ठीक सामने से एक गली जा रही थी। इसमें करीब 50 मीटर चलने पर दो मंजिला घर दिखा। इसकी नेम-प्लेट पर श्रीगोविंद शरणजी महाराज वृंदावन जन्मस्थली लिखा था। यही वृंदावन के प्रेमानंद महाराज का घर है, जो उन्होंने 40 साल पहले छोड़कर संन्यास ले लिया। बड़े भाई बोले- वो अपना सब कुछ घर पर ही छोड़ गए
घर के अंदर प्रेमानंद महाराज के बड़े भाई गणेश दत्त पांडेय मौजूद थे। उन्होंने बताया- पिता शंभू और मां रामा देवी अब इस दुनिया में नहीं हैं। हमने महाराजजी को लेकर सवाल पूछने शुरू किए, तो वह मुस्कुराते हुए कहते हैं- भाई के बारे में क्या कहें, उन्हें आज सारा देश पूज रहा है। यह कोई 1985 की बात रही होगी, जब वो 13 साल की उम्र में अचानक एक दिन सुबह 3 बजे घर छोड़ कर चले गए थे। इससे पहले उन्होंने गांव में ही शिव मंदिर की प्रतिष्ठा करवाई। हमने पूछा- फिर कभी गांव लौटकर आए क्या? उन्होंने कहा- नहीं, हम लोगों की पारिवारिक 5 बीघा खेती है, वह सब छोड़ गए। एक वक्त पर यहां झोपड़ीनुमा घर हुआ करता था। अब हम दो मंजिला पक्का मकान बड़ी मुश्किल से बना सके हैं। भाई ने कहा- जिस डॉक्टर ने प्रेमानंद का इलाज किया, वो राधा भक्त थे
गणेश दत्त ने कहा- हमने उनकी शिव भक्ति बचपन में देखी थी। घर छोड़ने के बाद वह एक दिन सरसौल के नंदेश्वर शिव मंदिर में रहे। यहां पर 14 घंटे भूखे-प्यासे बैठे रहे। फिर वह सैंमसी स्थित शिव मंदिर में 4 साल रहकर आराधना करते रहे। उन्होंने बताया- वहां से वह काशी विश्वनाथ मंदिर (वाराणसी) चले गए। वहां उनका स्वास्थ्य खराब हुआ, तब संतों ने इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। महाराज की दोनों किडनी खराब थीं। अस्पताल में मिले डॉक्टर राधा रानी के उपासक थे। डॉक्टर ने कहा- तुम वृंदावन चले जाओ, राधा रानी सब ठीक कर देंगी। स्वास्थ्य कुछ सही हुआ तो वह वृंदावन चले गए। यहां श्री हित गौरांगी शरण महाराज को उन्होंने गुरु माना। इसके बाद उन्होंने राधा रानी की उपासना शुरू की। जहां प्रेमानंदजी महाराज पढ़े, वो बिल्डिंग जर्जर हुई
परिवार से बात करने के बाद गांव के लोग हमें एक जर्जर बिल्डिंग तक ले गए। बताया कि यहीं पर महाराजजी पढ़ते थे, 8वीं क्लास तक पढ़ाई की। देख-रेख के अभाव में बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है। हम बिल्डिंग के अंदर गए। आज भी दीवार पर ब्लैक बोर्ड लगा है। इसी कमरे में पट्टा बिछाकर प्रेमानंद महाराज पढ़ाई करते थे। उनके साथ पढ़ाई करने वाले राजोल सिंह से मुलाकात हुई। उन्होंने कहा- मैं और गांव के छोटकऊ महाराजजी के साथ पढ़ते थे। तब उनके घर पर एक दंडी स्वामी आया करते थे। वो हम लोगों को राधे-राधे और जय श्रीराम के जाप लगवाते थे। उस वक्त भी प्रेमानंदजी महाराज दंडी स्वामी को नहाने के लिए हैंडपंप से पानी भरकर लाते थे। वो जहां बैठते थे, उनके आसपास की साफ-सफाई करते। यह सब उन्हें बहुत पसंद था। दंडी स्वामी की सेवा में इतने रम जाते कि कई बार तो वह स्कूल ही नहीं आते थे। अब अनिरुद्ध कुमार पांडेय के प्रेमानंद महाराज बनने का सफर… 9वीं में दाखिले के 4 महीने बाद ही स्कूल छोड़ा
गांव वालों ने बताया- अखरी गांव में प्रेमानंद के पिता शंभू नारायण पांडेय पुरोहित का काम करते थे। अनिरुद्ध भी बचपन से ही आध्यात्मिक थे। बचपन में पूरा परिवार रोजाना एक साथ बैठकर पूजा-पाठ करता था। अनिरुद्ध यह सब बड़े ध्यान से देखा-सुना करते थे। आज जिन प्रेमानंद महाराज के भक्तों में आम आदमी से लेकर सेलिब्रिटी तक शुमार हैं, उनकी पढ़ाई-लिखाई सिर्फ 8वीं कक्षा तक हुई है। 9वीं में भास्करानंद विद्यालय में एडमिशन दिलाया गया। लेकिन, 4 महीने में ही उन्होंने स्कूल छोड़ दिया। शिव मंदिर में चबूतरा बनाने से रोका, तो घर छोड़ दिया
एक कहानी ऐसी है, बचपन में अनिरुद्ध ने अपनी सखा टोली के साथ शिव मंदिर के लिए एक चबूतरा बनाना चाहा। इसका निर्माण भी शुरू करवाया, लेकिन कुछ लोगों ने उन्हें रोक दिया। इससे वह मायूस हो गए। उनका मन इस कदर टूटा कि घर छोड़ने का फैसला कर लिया। देर रात खाना खाया और रोज की तरह छत पर बने कच्चे कमरे में जाकर सो गए। अगली सुबह जब बड़े भाई ने जगाने के लिए आवाज लगाई, तो कमरे से कोई जवाब नहीं आया। उन्होंने ऊपर जाकर देखा तो अनिरुद्ध कमरे में नहीं थे। खोजबीन शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद पता चला कि वो सरसौल में नंदेश्वर मंदिर पर रुके हैं। घरवालों ने उन्हें घर लाने का हर जतन किया, लेकिन अनिरुद्ध नहीं माने। फिर कुछ दिनों बाद बची-खुची मोह-माया छोड़कर वह सरसौल से भी चले गए। प्रेमानंद कहते हैं- जब 5वीं में था, तभी से गीता पाठ करता आ रहा
इसके बाद वह भगवान की भक्ति में लीन हो गए। सरसौल नंदेश्वर मंदिर से जाने के बाद वह महराजपुर के सैमसी स्थित एक मंदिर में कुछ दिन रुके। फिर कानपुर के बिठूर में रहे। इसके बाद काशी चले गए। प्रेमानंदजी महाराज अपने प्रवचन में बताते हैं- जब मैं 5वीं में पढ़ रहा था, तभी से गीता का पाठ शुरू कर दिया। इस तरह से धीरे-धीरे मेरी रुचि अध्यात्म की ओर बढ़ने लगी। जब 13 साल का हुआ, तो ब्रह्मचारी बनने का फैसला किया। इसके बाद घर का त्याग कर संन्यासी बन गया। शुरुआत में प्रेमानंद महाराज का नाम ‘आरयन ब्रह्मचारी’ रखा गया। भोजन की इच्छा से 15 मिनट बैठते, नहीं मिलने पर गंगाजल के सहारे रहते
काशी में प्रेमानंद महाराज ने करीब 15 महीने बिताए। उन्होंने गौरी शरण जी महाराज से गुरुदीक्षा ली। वाराणसी में संन्यासी जीवन के दौरान वो रोज गंगा में तीन बार स्नान करते। तुलसी घाट पर भगवान शिव और माता गंगा का ध्यान-पूजन करते। दिन में केवल एक बार भोजन करते। प्रेमानंद महाराज भिक्षा मांगने की जगह भोजन प्राप्ति की इच्छा से 10-15 मिनट बैठते थे। अगर इतने समय में भोजन मिला तो उसे ग्रहण करते, नहीं तो सिर्फ गंगाजल पीकर रह जाते। संन्यासी जीवन की दिनचर्या में प्रेमानंद महाराज ने कई दिन बिना कुछ खाए-पीए बिताया। अब प्रेमानंद के वृंदावन पहुंचने की कहानी
प्रेमानंद महाराज के संन्यासी बनने के बाद वृंदावन आने की कहानी बेहद रोचक है। एक दिन प्रेमानंद महाराज से मिलने एक संत आए। उन्होंने कहा- श्री हनुमत धाम विश्वविद्यालय में श्रीराम शर्मा दिन में श्री चैतन्य लीला और रात में रासलीला मंच का आयोजन कर रहे हैं। इसमें आप आमंत्रित हैं। पहले तो प्रेमानंद महाराज ने अपरिचित साधु से वहां आने के लिए मना कर दिया। लेकिन, साधु ने उनसे आयोजन में शामिल होने के लिए काफी आग्रह किया। इस पर प्रेमानंद महाराज ने आमंत्रण स्वीकार कर लिया। प्रेमानंद महाराज जब चैतन्य लीला और रासलीला देखने गए, तो उन्हें बहुत पसंद आई। यह आयोजन करीब एक महीने तक चला। चैतन्य लीला और रासलीला समाप्त होने के बाद प्रेमानंद महाराज को आयोजन देखने की व्याकुलता होने लगी। वह उसी साधु के पास गए, जो उन्हें आमंत्रित करने आए थे। उनसे मिलकर महाराज ने कहा- मुझे भी अपने साथ ले चलें। मैं रासलीला देखूंगा और इसके बदले आपकी सेवा करूंगा। इस पर साधु ने कहा- आप वृंदावन आ जाएं। वहां हर रोज आपको रासलीला देखने को मिलेगी। इसके बाद प्रेमानंद महाराज वृंदावन आ गए। वृंदावन आने के बाद महाराज ने खुद को राधा-श्रीकृष्ण के चरणों में समर्पित कर दिया। यहां खुद को राधा-रानी और श्रीकृष्ण के चरणों में समर्पित कर दिया। साथ ही भगवद प्राप्ति में लग गए। इसके बाद महाराज संन्यास मार्ग से भक्ति मार्ग में आ गए। संन्यासी से राधावल्लभी संत बन गए प्रेमानंद महाराज
प्रेमानंद महाराज वृंदावन पहुंचकर हर रोज बांके बिहारी का दर्शन करते। फिर रासलीला रास आई और राधावल्लभ के कार्यक्रमों में जाने लगे। वहां घंटों खड़े रहते। एक दिन एक संत ने श्री राधारससुधानिधि से एक श्लोक पढ़ा, लेकिन महाराज उसे समझ नहीं पाए। फिर एक दिन वृंदावन की परिक्रमा करते समय एक सखी को एक श्लोक गाते हुए सुना। उसे सुनकर महाराज ठिठक गए। श्लोक ऐसा रास आया कि अपना संन्यास धर्म तोड़कर वो उस सखी के पास गए। उससे श्लोक का मतलब पूछा। सखी ने कहा- इसका मतलब समझने के लिए राधावल्लभी होना जरूरी है। इस तरह महाराज राधावल्लभी हो गए। यह संप्रदाय रस की उपासना के लिए जाना जाता है। इस रस की उपासना में कृष्ण की लीलाओं जैसे निकुंज लीला, वन विहार लीला और रासलीला का अनोखे ढंग से वर्णन किया जाता है। ——————————— यह खबर भी पढ़ें सपा सांसद की जुबान काटने पर 5.51 लाख का इनाम, श्री राजपूत करणी सेना का ऐलान- सपा नेताओं का मुंह काला करेंगे मेवाड़ के राजा राणा सांगा को गद्दार कहने वाले समाजवादी पार्टी के सांसद रामजीलाल सुमन पर इनाम का ऐलान किया गया है। राजस्थान में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने सांसद की जुबान काटने वाले को 5.51 लाख रुपए का इनाम देने का दावा किया है। यहां पढ़ें पूरी खबर