बठिंडा प्लेन क्रैश, जिसमें हरियाणा का युवक मरा:चश्मदीद बोले- आग का गोला बनकर नीचे गिरा, धमाका होते ही टुकड़े हुए भारत की पाकिस्तान पर ऑपरेशन सिंदूर एयर स्ट्राइक के दौरान बठिंडा के जिस खेत में प्लेन क्रैश हुआ, वह पंजाब पुलिस के घेरे में है। 2 किलोमीटर दूर ही यहां आम लोगों और मीडिया की एंट्री बंद हैं। सिर्फ अधिकारी जा रहे हैं। दैनिक भास्कर हालात देखने पहुंचा तो घटनास्थल से लेकर अस्पताल में घायलों से मिलने तक पर पुलिस का पहरा दिखा। यहां घटना के चश्मदीदों से बातचीत हुई तो उन्होंने कहा कि पहले तो आग का गोला बनी चीज नीचे गिरते दिखी। फिर उसमें जोरदार धमाका हुआ। जिसके बाद उसके टुकड़े-टुकड़े हो गए। बाद में पता चला कि वह प्लेन था। हालांकि यह प्लेन किसका और कौन सा है, इसका पता नहीं। दैनिक भास्कर ने घटनास्थल से लेकर घायलों की स्थिति और अधिकारियों से बातचीत की, पढ़िए पूरी ग्राउंड रिपोर्ट… गांव से डेढ़ किमी दूर खेत, किसान पुलिस निगरानी में
यह प्लेन रात करीब 1.25 बजे बठिंडा की गोनियाना मंडी के नेहियावाला थाने के एरिया में आते गांव अकलियां कलां में गिरा। जिस खेत में यह प्लेन गिरा, वह गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है। आसपास भी खेत ही हैं। इसमें मक्के की बिजाई की गई थी। यह खेत 2 एकड़ का है। अकलियां कलां के सुखराज सिंह, रेशमा और रशपाल कौर ने बताया कि जिस खेत में प्लेन क्रैश हुआ, वह बीरा नाम के किसान का है। किसान को ढूंढने की कोशिश की गई तो पता चला कि उसे घटना के तुरंत बाद से पुलिस की निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने पूरा गांव सील किया
प्लेन क्रैश होते ही पुलिस ने पहले घटनास्थल को सील किया। मगर, जब वहां मीडिया और दूसरे लोग पहुंचने लगे तो बुधवार सुबह पूरा गांव सील कर दिया गया। गांव के हर रास्ते पर पुलिस की नाकाबंदी है। सभी लोगों को पुलिस 2 किलोमीटर पहले रोक रही है। फिलहाल गांव के लोगों को भी बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। 3 चश्मदीदों ने बताया, प्लेन कैसे क्रैश होकर गिरा 1. जलती हुई चीज गिरती दिखी, फिर पता चला-प्लेन है
गांव अकलियां कलां के सुखराज सिंह ने बताया कि आसमान में लाइट दिखाई दे रही थी। ऐसा लग रहा था कि कोई चीज जल रही है। यह जलती हुई चीज नीचे आती दिखाई दे रही थी। कुछ सेकेंड में यह खेत में गिर गया। गिरते ही जोर का धमाका हुआ। इस दौरान लोग आ गए, लेकिन दूर ही रहे। कुछ शरारती लोग नजदीक चले गए, जो धमाकों के साथ घायल हो गए। सुबह 4 बजे के करीब बहुत सारी पुलिस आ गई। इसके बाद पुलिस ने लोगों को पास आने नहीं दिया। बाद में पता चला कि यह कोई प्लेन है। 2. प्लेन से निकलता कोई नहीं देखा
अकलियां कलां की रशपाल कौर ने बताया कि जब जहाज गिर रहा था, तो उसमें आग लगी हुई थी। कुत्ते जोर-जोर से भौंकने लगे। बच्चे डर गए। हमें लग रहा था कि कोई चीज घरों पर न गिर जाए। हमने प्लेन से किसी को निकलता नहीं देखा, लेकिन प्लेन चक्कर खाता नीचे गिरते हुए जरूर देखा। सुबह पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने ही प्लेन के टुकड़े एकत्रित किए। अभी भी किसी को पास नहीं जाने दिया जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव के लोग डरे हुए हैं। 3. धमाकों से घर के खिड़की-दरवाजों पर कंपन हो रहा था
अकलियां कलां की स्वर्ण कौर ने बताया कि आसमान में प्लेन से चिंगारियां निकल रही थीं। शादी में होने वाली आतिशबाजी जैसी रोशनी नजर आ रही थी। यह देख बच्चे छतों पर चढ़ गए। किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा था कि यह क्या हो रहा है। जैसे ही प्लेन नीचे गिरा तो उसमें धमाके होने लगे। हमारी तो टांगें कांपने लगीं कि यह क्या हो गया। जैसे ही धमाका होता तो घर की खिड़कियों और दीवारों में कंपन होती। इससे सब लोग डर गए। अनाउंसमेंट वाले गुरुद्वारे में भी पुलिस का नाका
प्लेन क्रैश होने के बाद कई लोगों ने घटनास्थल के वीडियो बनाए। वहीं बाद में भी लोग दौड़े-दौड़े वीडियो बनाने के लिए जाने लगे। इसके बाद गांव अकलियां कलां के ही गुरुद्वारे से अनाउंसमेंट हुई, जिसमें कहा गया कि लोग प्लेन के वीडियो न बनाएं। जिन लोगों ने बनाए हैं, वह इसे डिलीट कर दें और आगे किसी को न भेजें। गुरुद्वारे को किसने अनाउंसमेंट करने को कहा, इस बारे में जानने की कोशिश की गई तो पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। पुलिस ने तर्क दिया कि यह मामला नेशनल सिक्योरिटी से जुड़ा है, इसलिए गांव में किसी की एंट्री नहीं है। प्लेन क्रैश होते ही 20 मिनट में पुलिस पहुंची
गांव अकलियां कलां के चश्मदीद सुखराज ने बताया- रात करीब 1:25 बजे प्लेन क्रैश हुआ। करीब 20 मिनट में लोकल पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने सबसे पहले घायलों को एंबुलेंस और दूसरी गाड़ियों में डाला। सबको घटनास्थल से 5 किमी दूर गोनियाना मंडी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। सुखराज आगे बताते हैं- यहां जाते ही डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वह युवक हरियाणा के चरखी दादरी का गोविंद था। यह अस्पताल छोटा है, इसलिए डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद ही सभी घायलों को रेफर कर दिया। इनमें गांव अकलियां कलां के रहने वाले सतपाल सिंह (35), राजदीप सिंह (19), रवि सिंह (21), मनप्रीत सिंह(23), मंगा सिंह(27), प्रिंस पाल(28), जसबीर सिंह(25) और कोठे नत्था सिंहवाला गांव निवासी राज कुमार (40) व जगमीत सिंह(15) को रेफर कर दिया गया। इसके बाद पुलिस की टीम ही सभी घायलों को करीब 15 किलोमीटर दूर बठिंडा सिविल अस्पताल ले आई। जहां 6 लोगों को डॉक्टरों ने भर्ती कर लिया। वहीं 2 गंभीर घायलों सतपाल सिंह पुत्र मिठू सिंह (35) और राज कुमार पुत्र पिला सिंह (40) को बठिंडा एम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस की निगरानी में घायल, किसी को मिलने की इजाजत नहीं
7 घायलों को बठिंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है। इन सभी को एक ही वार्ड में रखा गया है। इस वार्ड में घायलों की निगरानी के लिए 10 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। अफसरों और डॉक्टरों के अलावा इस वार्ड में किसी को जाने की परमिशन नहीं है। यहां तक की घायलों के परिजनों को भी अभी उनसे नहीं मिलने दिया जा रहा है। जिस गोविंद की मौत हुई, उसके साथी ने क्या बताया
बठिंडा सिविल अस्पताल में प्लेन क्रैश में मारा गया चरखी दादरी के गोविंद का साथी विकास मिला। उसने बताया- हमने दिन भर मंडी में पल्लेदारी की और रात खाना खाने के बाद सोने चले गए। बाकी सब तो सो गए, लेकिन गोविंद मोबाइल चलाता रहा। अचानक रात करीब 2 बजे हंगामा शुरू हुआ। उसकी आंख खुली तो देखा कि गोविंद वहां नहीं है। वे तुरंत बाहर निकले तो पता चला कि कोई प्लेन क्रैश हुआ है। उसके बाद धमाके भी हुए हैं। गोविंद भी वहीं गया था। वह तुरंत वहां गए तो पता चला कि एक आदमी की मौत हो गई है। विकास ने कहा कि सबको गोनियाना मंडी के अस्पताल ले गए हैं। वह भी गोविंद को ढूंढते हुए वहां पहुंचे। उन्हें किसी घायल से नहीं मिलने दिया गया। बुधवार सुबह पता चला कि एक आदमी की मौत हो गई है। उसकी डेडबॉडी बठिंडा के सिविल अस्पताल में है। वे वहां गए तो लाश गोविंद की ही थी। हमने पूछा कि गोविंद की मौत कैसे हुई तो पुलिस ने कोई जवाब नहीं दिया। सिर्फ इतना कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद गोविंद के शव को ले जाना। हमें लग रहा है कि गोविंद जब वहां प्लेन देखने गया तो धमाके की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने कहा- ऊपर से हिदायत, कुछ नहीं बता सकते
प्लेन क्रैश के बारे में जानकारी के लिए हमने थाना नेहियावाला के SHO अमरेंद्र सिंह से पूछा तो उन्होंने कहा कि मामला नेशनल सिक्योरिटी का है। इसलिए कुछ नहीं बता सकते। ऊपर से भी सख्त आदेश है कि इस बारे में किसी से कोई बात नहीं की जाए। इसके बाद हमने बठिंडा सिविल अस्पताल के SMO अरुण बंसल से जानने की कोशिश की तो उन्होंने भी इस बारे में कुछ भी बताने से साफ मना कर दिया। उन्होंने कहा कि ऊपर से हिदायत है कि इस बारे में कोई बयान जारी ना किया जाए। ————– ये खबर भी पढ़ें… ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बठिंडा के खेत में प्लेन क्रैश, हरियाणा के व्यक्ति की मौत, 9 लोग घायल पहलगाम आतंकी हमले के बदले भारत की पाकिस्तान पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत एयर स्ट्राइक के दौरान पंजाब के बठिंडा में गेहूं के खेत में प्लेन क्रैश हो गया। एक व्यक्ति की मौत हो गई और 9 लोग घायल हो गए। मरने वाला व्यक्ति गोविंद हरियाणा के चरखी दादरी जिले का रहने वाला था। पूरी खबर पढ़ें…