हरियाणा में किन महिलाओं को मिलेंगे ₹2100, सीएम आज बताएंगे:बजट चर्चा के जवाब में क्राइटेरिया बताएंगे CM सैनी; 20 MLA ने भी सवाल पूछे हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र का आज (26 मार्च) 10वां दिन होगा। सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी। प्रश्नकाल के लिए सत्ता और विपक्ष के 20 विधायकों ने प्रश्न लगाए हैं। एक घंटे के प्रश्नकाल के बाद सदन में शून्यकाल होगा। इसके बाद विधानसभा की कमेटियों की रिपोर्ट सदन में रखी जाएगी। आज CM नायब सैनी 2.05 लाख करोड़ के बजट पर हुई चर्चा का जवाब देंगे। इस दौरान CM महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए देने की लाडो लक्ष्मी योजना के क्राइटेरिया के बारे में भी बताएंगे। इसके लिए सरकार ने बजट में 5 हजार करोड़ रुपए रखे हैं। लाडो लक्ष्मी योजना पर CM का जवाब खास क्यों?
भाजपा ने चुनाव में वादा किया था कि 18 साल से बड़ी हर उम्र की महिला को ही महीने 2100 रुपए देंगे। इसके बाद 17 मार्च को बजट में इसके लिए 5 हजार करोड़ रुपए रखे गए। हालांकि सरकार ने यह क्लियर नहीं किया कि इसका फायदा किन महिलाओं को मिलेगा। चर्चा यह भी रही कि 1.80 लाख सालाना से कम इनकम वाली महिलाओं को ही यह फायदा मिलेगा। पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा ने इस बारे में क्राइटेरिया बताने के लिए कहा था। तब सीएम ने कहा कि बजट पर चर्चा के जवाब में वह इसके बारे में बताएंगे। इसके बाद बजट चर्चा के दौरान हुड्डा ने कहा था कि प्रदेश में 82 लाख के करीब महिलाएं हैं, जिनकी उम्र 18 से 60 साल के बीच है। मगर, सरकार के बजट के हिसाब से सिर्फ 25% महिलाओं को ही इस योजना का लाभ मिलेगा। बाकी 75% महिलाओं को सरकार ने योजना से बाहर कर दिया है। इस पर सीएम के जवाब से क्लियरिटी मिल सकती है। विधानसभा में पूछे जाएंगे ये 7 बड़े सवाल… विधानसभा की 9 दिन की कार्यवाही में क्या-क्या हुआ 20 मार्च: विज-हुड्डा भिड़े, बोलने को लेकर हुआ हंगामा
इस दिन पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा और मंत्री अनिल विज भिड़ गए। हुड्डा ने विज को कहा कि ऐसा चला तो वह अनिल विज को बोलने नहीं देंगे। इस पर विज ने कहा कि मैं बोलूंगा और जान भी खाऊंगा। दरअसल, भूपेंद्र हुड्डा बजट पर चर्चा के दौरान बोल रहे थे। हुड्डा ने कहा- “सरकार कर्ज ले रही है लेकिन काम कुछ नहीं कर रही। हुड्डा ने कहा- कर्ज लिए जाओ और घी पियो, मरने के बाद कोई नहीं पूछता, कर्जे में डुबाए जाओ। इस पर विज नाराज होते हुए खड़े होकर बोले कि बात तो कोई भी कर सकता है। हुड्डा साहब बार-बार खर्चे और कर्जे की बात कर रहे हैं। आप ही बता दो किस सर्विस में खर्चा कम किया जाए। हम किसमें कम करें, आप बताओ। ऐसा है कि खाली विषय उठाने से बात नहीं होती है। 19 मार्च: इंस्पेक्टर भर्ती पर हुड्डा ने इस्तीफे की पेशकश की
इस दिन 2008 में हुई इंस्पेक्टर भर्ती पर हंगामा हुआ। इस दौरान सीएम नायब सैनी और पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा आमने-सामने आ गए। जिसमें पूर्व CM हुड्डा ने कहा कि अगर CM सैनी इस मामले में हाईकोर्ट के फैसले को लेकर जो कह रहे, वह सच हो तो मैं इस्तीफा देने को तैयार हूं। इसके बाद हुड्डा उम्र को लेकर विज के साथ भी भिड़े। विज ने कहा कि मेरी उम्र 45 साल है। वहीं सदन से गैरहाजिर अधिकारियों पर स्पीकर हरविंद्र कल्याण भड़क गए। उन्होंने कहा कि तुरंत अधिकारियों को सदन में उपस्थित होना चाहिए। उनकी उपस्थिति सदन में अनिवार्य है। बजट पर चर्चा के दौरान गुरुग्राम के पटौदी से BJP की महिला विधायक बिमला चौधरी ने सदन में गंदे पानी की निकासी को लेकर कहानी सुनाते हुए आपत्तिजनक शब्द कह दिया। स्पीकर ने टोका तो चौधरी ने माफी मांग ली। 18 मार्च: इंस्पेक्टर भर्ती पर हंगामा हुआ, हुड्डा ने विज पर तंज कसा
इस दिन भाजपा विधायक ओमप्रकाश यादव ने हाईकोर्ट के फैसले के बहाने 2008 में कांग्रेस सरकार में हुई 20 इंस्पेक्टरों की भर्ती का मामला उठाया। यादव ने कहा- जो बच्चा टॉप था, उसे सबसे नीचे कर दिया गया। फेल बच्चों को पास कर दिया गया। जिनमें तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का भतीजा भी शामिल था। इस पर कांग्रेसी हंगामा करने लगे। फिर CM नायब सैनी खड़े होकर बोले- फ्ल्यूड लगाकर फेल को पास किया गया। इस पर कांग्रेस विधायकों ने पहले वेल में नारेबाजी की और फिर वॉकआउट कर दिया। सदन में मंत्री अनिल विज का नाम आने पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि मैंने उनकी उम्र पूछ ली। उन्होंने आज तक नहीं बताई, बोले- मैं काउंट कर रहा हूं। वह अपनी उम्र क्यों नहीं बता रहे। मेरे ख्याल से आज उनकी उम्र 75 के आसपास पहुंच गई है, उन्हें लग रहा है कि भाजपा कहीं उनकी छुट्टी न कर दे। 17 मार्च: CM ने बजट पेश किया, महिलाओं को ₹2100 देने का बजट रखा
इस दिन CM नायब सैनी से दोपहर 2 बजे प्रदेश का 2 लाख 5 हजार 17 करोड़ का बजट पेश किया। सैनी ने 2 घंटे 57 मिनट में बजट भाषण के 80 पेज पढ़े। बजट की सबसे बड़ी खासियत 18 साल से बड़ी उम्र की महिलाओं को प्रति महीने 2100 रुपए देने के लिए 5 हजार करोड़ का बजट आवंटित करने का रहा। हालांकि CM ने कहा कि यह किन महिलाओं को मिलेगा, इसका क्राइटेरिया अभी तय करना है। CM ने नेशनल-इंटरनेशनल खिलाड़ियों का 20 लाख तक मुफ्त बीमा, ओलिंपिक मेडलिस्ट खिलाड़ियों को बिजनेस के लिए 10 लाख रुपए देने, अपने जिले में एकेडमी खोलने के लिए 2% सब्सिडी के साथ 5 करोड़ का लोन दिलाने और डाइट मनी 400 से बढ़ा 500 करने की घोषणा की। युवाओं को मिशन–2047 के तहत 50 लाख नौकरियां देने का भी लक्ष्य बताया। कर्मचारियों को यूनिफाइड पेंशन स्कीम के तहत मिनिमम 10 हजार मासिक पेंशन की घोषणा की। 13 मार्च: CM ने CET एग्जाम की घोषणा की
इस दिन CM नायब सैनी ने सदन में घोषणा की कि मई महीने में हरियाणा में ग्रुप C-D भर्ती के लिए कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) कराया जाएगा। CM ने कांग्रेस पर तंज भी कसा कि हुड्डा ने चुनाव में 2 लाख नौकरियां देने की बात कही। इनके एक उम्मीदवार कहते थे कि हमारे कोटे में 2000 हजार नौकरियां हैं। ये 50 वोट के बदले एक नौकरी बांट रहे थे। यह सुनकर कांग्रेसियों ने वॉकआउट कर दिया। वहीं CM ने विनेश फोगाट को लेकर कहा कि उन्होंने पूछा है कि खिलाड़ियों को सम्मान नहीं मिल रहा है, हमारे खेल मंत्री ने उन्हें इसका पूरा जवाब डिटेल में दे दिया है, लेकिन वह मानने को तैयार ही नहीं है। हमारे यहां एक कहावत है बीन बजाने की, इसलिए कितना भी कहते रहो कोई फायदा नहीं है। 12 मार्च: पर्ची पर नौकरी और अटैची कांड गूंजा
इस दिन BJP विधायक राम कुमार गौतम ने गवर्नर के अभिभाषण पर चर्चा करते हुए कहा कि पूर्व CM मनोहर लाल खट्टर की सरकार में सूबे में मेरिट से नौकरी मिलनी शुरू हुई। मैंने भी हुड्डा साहब को पर्ची दे रखी है। इस पर तुरंत पूर्व सीएम हुड्डा ने कहा- मेरी बात कर रहा है, अपनी बात क्यों नहीं कर रहा। HPSC में अटैची कांड आपकी सरकार में हुआ। विनेश फोगाट ने सरकार के खिलाड़ियों पर 500 करोड़ खर्च करने के दावे को झूठा बताते हुए कहा कि ये आंकड़ा गलत है। CM ने प्रदेश में वक्फ बोर्ड के जमीनों की जांच का ऐलान किया। कांग्रेस MLA मामन खान ने स्कूलों में नकल को लेकर कहा कि यह स्टूडेंट्स की मजबूरी है क्योंकि उनका सिलेबस पूरा नहीं हो रहा है। 11 मार्च: गोहाना की जलेबी पर हंगामा, मंत्री के राजनीति छोड़ने की बात कही
इस दिन गोहाना की जलेबी पर हंगामा हुआ। विधानसभा में मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा- हरियाणा के चुनाव में गोहाना की जलेबी का जिक्र हुआ, जिसकी चर्चा महाराष्ट्र और दिल्ली तक हुई। इस पर सफीदों से भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने कहा- गोहाना की अब जलेबी शुद्ध नहीं रहीं। अब देसी घी में नहीं डालडा में बनाई जाती हैं। इस पर मंत्री नाराज हो गए, उन्होंने कहा- ये पता नहीं किस किस दुकान पर चले जाते हैं। ये तो शर्त लगाकर दस किलो गोबर तक पी गए थे। इस पर विधायक गौतम गुस्सा हो गए और बोले- इस डॉक्टर ने तो सैकड़ों लोगों के साथ फ्रॉड किया है, कितने लोगों के पैसे खा गया पंप दिलवाने के नाम पर, न जाने कितनों के पैसे लेकर मार गया, मेरे रिश्तेदार के भी डेयरी फॉर्म के 10 लाख रुपए लिए थे, लेकिन वह नहीं दिए। इस पर मंत्री अरविंद ने कहा– यदि वह लेन-देन की एक भी बात सिद्ध कर दें तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। 10 मार्च: बड़ौली गैंगरेप केस के जवाब में कांग्रेस नेता के बेटे का ड्रग्स मामला उठा
इस दिन सदन में कांग्रेस MLA रघुवीर कादियान ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली पर दर्ज हुए गैंगरेप केस पर नोटिस की बात कही। इस पर मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि कृष्ण हुड्डा आज दुनिया में नहीं हैं, लेकिन कांग्रेस के नेता का भतीजा MLA होटल में ड्रग्स बेचता पकड़ा था। यह सुनकर भूपेंद्र हुड्डा ने कहा सदन में जो मौजूद न हो, उसके बारे में चर्चा न हो तो बेहतर है। स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने हुड्डा की बातों का समर्थन किया। जिस पर मामला ठंडा पड़ गया। इनेलो MLA अर्जुन चौटाला ने कहा कि हिसार की चौधरी चरण सिंह एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर को मिला एमएस स्वामीनाथन अवॉर्ड फर्जी है। यह 5 हजार रुपए में मिल जाता है। 7 मार्च: गवर्नर का अभिभाषण, कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष के बगैर शामिल हुई
इस दिन विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत हुई थी। जिसमें गवर्नर बंडारू दत्तात्रेय का अभिभाषण हुआ। जिसमें उन्होंने सरकार के काम गिनाते हुए कहा कि 24 फसलों पर MSP देने वाला हरियाणा पहला राज्य है। ग्रुप C-D भर्तियों में सरकार ने इंटरव्यू खत्म किया। सरपंचों को बिना टेंडर 21 लाख तक के काम का अधिकार दिया। कर्मचारियों की ग्रेच्युटी 25 लाख की। शहीदों के परिवार को 1 करोड़ रुपए दे रहे। गवर्नर ने यह भी कहा कि हिसार एयरपोर्ट से जल्द उड़ाने शुरू होंगी। 31 मार्च 2025 तक 3 नए आपराधिक कानूनों को लागू करने वाला हरियाणा पहला राज्य बनेगा। कांग्रेस बजट सत्र की शुरुआत से ही बिना नेता प्रतिपक्ष के शामिल हुई।