अपने बयान में फंसे गोंडा BJP जिलाध्यक्ष का हटना तय:बदनामी के बाद पार्टी करेगी कार्रवाई; महिला को गले लगाते वीडियो हुआ था वायरल महिला कार्यकर्ता से गले मिलते वीडियो वायरल होने के बाद विवादों में फंसे गोंडा के बीजेपी जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप का हटना तय माना जा रहा है। चौतरफा बदनामी के बाद भाजपा नेतृत्व ने कश्यप के खिलाफ कार्रवाई का मन बना लिया है। उधर, राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पहले बलिया और फिर गोंडा जैसे मामले सामने आने से पार्टी की छवि खराब हो रही है। एक तरफ पार्टी पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनाव की तैयारी की कवायद शुरू कर रही है। उस पर ऐसे मामले सामने आने से पार्टी को न केवल बैकफुट पर जाना पड़ता है, बल्कि यह संदेश भी जा रहा है कि कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में अब प्रदेश संगठन की हनक नहीं रही। बलिया में सहकारी बैंक के निदेशक बब्बन सिंह रघुवंशी के वीडियो वायरल होने का मामला शांत नहीं हुआ था। रविवार को गोंडा के बीजेपी जिलाध्यक्ष अमर किशोर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। प्रदेश नेतृत्व ने फिलहाल उन्हें नोटिस देकर 7 दिन में जवाब मांगा है। लेकिन, पार्टी कार्यालय के अंदर इस तरह की घटना से बदनामी हो रही है। इसके चलते पार्टी को कश्यप के खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ सकती है। अपने ही बयान में फंसे कश्यप गोंडा के बीजेपी जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप अपने ही बयान में फंस गए हैं। उन्होंने वीडियो वायरल होने के बाद बयान दिया कि महिला कार्यकर्ता की तबीयत ठीक नहीं थी। सीढ़ी पर उसे चक्कर आने के कारण गले लगाकर सहारा दिया था। लेकिन, एक अन्य वीडियो भी वायरल हुआ है। इसमें अमर किशोर अपनी गाड़ी में महिला को कार्यालय के अंदर लाते दिख रहे हैं। कार्यालय का गेट खुला देख 2 लोग अंदर आए, तो अमर किशोर ने उन्हें बाहर भी निकाला। उसके बाद महिला को इशारा कर अंदर जाने को कहा। सवाल उठ रहा है कि अगर उनका इरादा गलत नहीं था, तो महिला को इस तरह चोरी-छिपे अंदर ले जाने की क्या जरूरत थी? दूसरी बार जिलाध्यक्ष बने
भाजपा ने अमर किशोर को दूसरी बार जिलाध्यक्ष बनाया था। उससे पहले वह सितंबर, 2023 में पहली बार अध्यक्ष बने थे। दूसरे कार्यकाल में वीडियो वायरल होने से उनके राजनीतिक भविष्य को झटका लगा है। विधायक भी कश्यप के खिलाफ
गोंडा के ज्यादातर भाजपा विधायक भी इस विषय पर अमर किशोर कश्यप के खिलाफ हैं। विधायक खुलकर बोलने के तैयार नहीं हैं। लेकिन ऑफ कैमरा कहते हैं कि इससे जिले के साथ उनकी छवि भी खराब हुई है। पार्टी ने अगर कश्यप को नहीं हटाया, तो इससे गलत संदेश जाएगा। कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल और अनूप पर शक
अमर किशोर का वीडियो वायरल होने के मामले में बीजेपी के क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात कम्प्यूटर ऑपरेटर राहुल यादव और गोंडा कार्यालय के पूर्व कम्प्यूटर ऑपरेटर अनूप गुप्ता पर शक की सुई है। अमर किशोर का कहना है कि अनूप गुप्ता को 30 अप्रैल को हटाया गया था। यह वीडियो शायद उसी ने वायरल किया है। अनूप गुप्ता पूर्व जिलाध्यक्ष शिवनारायण तिवारी के कार्यकाल में कम्प्यूटर ऑपरेटर नियुक्त हुए थे। अमर किशोर बोले- मैं तीन मिनट बाद ही लौट आया था
अमर किशोर कश्यप ने दैनिक भास्कर डिजिटल से बातचीत में कहा कि आधे-अधूरे वीडियो वायरल कर मुझे बदनाम किया जा रहा है। उनका कहना है कि अगर पूरा वीडियो देखा जाएगा तो पता चलेगा कि वह 3 मिनट बाद ही नीचे लौट आए थे। वीडियो में अमर किशोर महिला कार्यकर्ता के साथ रात 9 बजकर 39 मिनट और 43 सेकेंड पर ऊपर जाते दिख रहे हैं। वहीं 9 बजकर 41 मिनट और 31 सेकेंड पर लौटते भी दिख रहे हैं। ‘ऐसे मामलों से भाजपा की चुनौती बढ़ेगी’
वरिष्ठ पत्रकार आनंद राय मानते हैं- कांग्रेस जब अपने चरम पर थी, वहां भी ऐसी घटनाएं सामने आती थीं। भाजपा भी अपने चरम पर है। यूपी समेत विभिन्न राज्यों से ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। जो सत्ताधारी दल के बड़े नेता होते हैं, उन पर सभी की नजर रहती है। उन्हें अपना चरित्र और व्यवहार ऐसा रखना चाहिए, जिससे राजनीतिक दल को शर्मिंदगी न उठानी पड़े। आनंद राय का कहना है कि हाल ही में कई राज्यों से आई घटनाओं से भाजपा को शर्मिंदगी उठानी पड़ी है। ऐसी घटनाएं विपक्षी दलों को भाजपा के चाल, चरित्र और चेहरे पर आक्रामक होने का मौका देती हैं। इससे भाजपा की चुनौती बढ़ेगी। ——————— ये खबर भी पढ़ें… BJP जिलाध्यक्ष ने जिसे गले लगाया, वह महिला सामने आई, गोंडा में FIR कराई, बोली- वे मेरे भाई जैसे, बदनाम किया जा रहा गोंडा में भाजपा जिलाध्यक्ष ने जिस महिला को ऑफिस के अंदर गले लगाया। वह महिला सामने आई है। महिला ने सफाई दी कि भाजपा जिलाध्यक्ष अध्यक्ष अमर किशोर कश्यप उसके भाई जैसे हैं। मेरी और भाजपा जिलाध्यक्ष की छवि खराब करने के लिए राजनीतिक साजिश के तहत वीडियो वायरल किया गया। इससे मेरी सामाजिक छवि को ठेस पहुंची है। महिला ने वायरल वीडियो को लेकर छपिया थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया। पढ़ें पूरी खबर