हरियाणा की अनोखी शादी की पूरी कहानी:3.8 फीट का दूल्हा 3 साल से तलाश में था, 3.6 फीट की दुल्हन मिली तो चट मंगनी-पट ब्याह किया हरियाणा में अंबाला के 3.8 फीट के दूल्हे नितिन और 3.6 फीट की दुल्हन आरुषि का चट मंगनी-पट ब्याह हुआ। 26 मार्च को दोनों की पहली बार मुलाकात हुई थी। पहली नजर में इस अनोखी जोड़ी ने एक-दूसरे को पसंद कर लिया। इसके 10 दिन बाद ही दोनों ने शादी कर ली। नितिन के पिता दुकान चलाते हैं, लेकिन रोपड़ की आरुषि के पिता का निधन हो चुका है। मां भी कोई घरेलू कामकाज करती हैं। ऐसे में जब तुरंत शादी की बात चली तो आरुषि की मां ने कहा कि खर्च जुटाने के लिए समय लगेगा। यह सुनकर नितिन ने कहा- ”मुझे दहेज नहीं, बस साथ चाहिए”। इतना सुनते ही दुल्हन का परिवार भी राजी हो गया। बता दें कि ये दोनों ड्वार्फिज्म (बौनेपन) से पीड़ित हैं। हालांकि, दोनों के माता-पिता और भाई-बहनों की हाइट सामान्य आदमी की तरह ही है। दोनों ने शादी के बाद रिसेप्शन में एक-दूसरे के साथ डांस किया तो उनके वीडियो वायरल हो गए। इसके बाद दैनिक भास्कर ने दोनों से बातचीत की। इसमें उन्होंने खुलकर जिंदगी में आई मुश्किलों से लेकर रिश्ता तय होने और शादी होने पर बात की। कपल के बारे में जानने से पहले देखें 2 यादगार PHOTOS… 8 पॉइंट्स में जानिए दोनों का शादी के बंधन में बंधने का सफर… 1. सभी की हाइट नॉर्मल, केवल वह ही ड्वॉर्फिज्म से पीड़ित
अंबाला कैंट के मतिदास नगर निवासी नितिन वर्मा ने बताया है कि उनके परिवार में 5 सदस्य हैं। मां मोनिका, पिता मनोज के अलावा एक भाई अजय और एक बहन है। परिवार में सब नॉर्मल हैं, केवल वह ही ड्वॉर्फिज्म से पीड़ित हैं। जन्म के कुछ दिन बाद ही इसका पता चल गया था, लेकिन परिवार ने उन्हें एक सामान्य बच्चे की तरह ही पाला। उधर, पंजाब के रोपड़ की रहने वाली आरुषि 4 भाई-बहनों में सबसे बड़ी हैं। उनके छोटे भाई की भी लंबाई कम है, जबकि बाकी सभी की हाइट नॉर्मल है। आरुषि के परिजनों को इसके बारे में तब पता चला, जब वह 2 साल की हो गईं और उसकी हाइट बढ़नी बंद हो गई। 2. दूल्हा इंटर और दुल्हन BA पास
नितिन ने आगे बताया कि उनके पिता मनोज की दुकान है। मध्यमवर्गीय परिवार होने के बावजूद पिता ने सभी बच्चों को अच्छी शिक्षा दी। नितिन ने 12वीं तक पढ़ाई की है। वह कॉलेज जाना चाहते थे, लेकिन आने-जाने में दिक्कत होने लगी, इसलिए पढ़ाई छोड़नी पड़ी। इसके बाद पिता की दुकान पर हाथ बंटाना शुरू कर दिया। अब वह पिता की हर तरह मदद करते हैं। उधर, आरुषि के पिता का देहांत हो चुका है। इसके बावजूद उसकी मां ने कभी हार नहीं मानी और घरेलू कामकाज कर अपने बच्चों की शिक्षा-दीक्षा में कोई कमीं नहीं होने दी। आरुषि ने BA तक पढ़ाई की है। 3. उम्र हुई 20 पार तो परिवार को सताई शादी की चिंता
नितिन वर्मा ने बताया कि वह 25 वर्ष के हो चुके हैं। उनकी शादी के लिए 3 सालों से प्रयास किया जा रहे थे। कद छोटा होने के कारण समस्या थी, लेकिन परिजन पूरे प्रयास में जुटे थे। उधर, आरुषि भी 23 साल की हो चुकी हैं। उनकी मां ने भी उनके लिए रिश्ता तलाशना शुरू कर दिया था। कद को लेकर वह भी परेशान थीं। कई जगह बात भी शुरू हुई, लेकिन सफलता नहीं मिली। 4. रिश्तेदार की पड़ी नजर, भेजा शादी का प्रस्ताव
नितिन के मुताबिक, उनके रिश्ते को लेकर प्रयास चल ही रहे थे कि उनके एक रिश्तेदार की नजर किसी कार्यक्रम में आरुषि पर पड़ी। इसके बाद रिश्तेदार ने आरुषि के परिवार की डिटेल निकलवाई और पिता मनोज को बताया। पिता की ओर से अनुमति मिलने के बाद रिश्तेदार उनकी ओर से शादी का प्रस्ताव लेकर आरुषि के घर पहुंचे। चूंकि, आरुषि की शादी की भी बात कहीं बन नहीं रही थी, ऐसे में उनके परिजन भी बातचीत के लिए मान गए। 5. 26 मार्च को पहली मुलाकात, पहली नजर में किया पसंद
नितिन के अनुसार, दोनों परिवारों की ओर से रिश्ते को रजामंदी मिलने के बाद उनकी पहली मुलाकात इसी साल 26 मार्च को हुई। दोनों ने ही एक नजर में ही एक-दूसरे को पसंद कर लिया। इसके बाद दोनों परिवार ने सगाई, शादी और अन्य कार्यक्रमों की रुपरेखा तैयार करना शुरू कर दिया। उन दोनों के बीच भी बातचीत शुरू हो गई। 6. समस्या आर्थिक थी, नितिन बोले- मैं दहेज नहीं लूंगा
दोनों परिवारों में बातचीत शुरू हुई तो जल्द से जल्द शादी कराने की बात रखी गई। मगर, दुल्हन पक्ष ने आर्थिक समस्या रखी कि इतनी जल्द वह शादी नहीं कर पाएंगे। बजट का इंतजाम करना पड़ेगा। यह बात जब नितिन को पता चली तो उन्होंने साफ कह दिया- मैं दहेज नहीं लूंगा, मुझे बस जीवनसंगिनी चाहिए। 7. चट हुई मंगनी, पट हुआ ब्याह
नितिन ने बताया कि उनकी सोच थी कि रिश्ते भावनाओं से बनते हैं, पैसों से नहीं। इसी सोच के साथ उन्होंने बात आगे बढ़ाई। उनकी इस बात पर आरुषि के परिवार वालों ने हामी भर दी। इसके बाद 6 अप्रैल को दोनों का विवाह तय करा दिया। अंबाला में 13 अप्रैल को रिसेप्शन रखा गया। महज 10 दिनों में दोनों की शादी करा दी गई। 8. शादी में मचाई धूम, सोशल मीडिया पर हुई वायरल
दोनों की शादी रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई। रिसेप्शन में नितिन और आरुषि ने पंजाबी गानों पर डांस किया। “रब ने बना दी जोड़ी” और “तेरे संग यारा” जैसे रोमांटिक गानों पर दोनों का साथ में डांस करना मेहमानों के लिए सबसे यादगार पल बन गया। इतना ही नहीं नितिन ने पंजाबी सॉन्ग- अपने ब्याह दे विच नचदा फिरे ओ मुंडा… पर भी डांस किया। इस डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और लोग इस जोड़ी की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। अगर सोच साफ हो, तो हर रिश्ता खूबसूरत बन जाता है
धूमधाम से हुई शादी के बाद नितिन और आरुषि काफी खुश हैं। सोशल मीडिया पर लोग दोनों की तारीफ कर रहे हैं। खासकर नितिन के बिना दहेज के शादी करने के फैसले की। वहीं, नितिन और आरुषि ने भी अपने इंटरव्यू में यही कहा है कि अगर सोच साफ हो, तो हर रिश्ता खूबसूरत बन सकता है। दुल्हन आरुषि ने बताया कि पिता का पहले ही निधन हो चुका है। तब से उसकी मां ही उसका वह परिवार का लालन पोषण कर रही है। उसकी शादी कैसे हाेगी, इसे लेकर उनकी मां पहले से ही चिंतित थीं। मगर, अचानक नितिन का रिश्ता आया और उनकी किस्मत बदल गई। इन्फोग्राफिक्स में जानिए ड्वॉर्फिज्म यानि बौनेपन के बारे में …