फिल्म ‘बॉर्डर’ के सीक्वल ‘बॉर्डर 2’ को लेकर रिलीज से पहले ही जबरदस्त बज़ बना हुआ था। लगातार 10 दिनों तक ताबड़तोड़ कमाई करने के बाद अब फिल्म अपने सबसे अहम पड़ाव यानी मंडे टेस्ट तक पहुंच चुकी है। दूसरे वीकेंड पर शानदार उछाल के बाद 11वें दिन फिल्म की कमाई में साफ गिरावट देखने को मिली है, हालांकि इसकी कुल कमाई अब भी मजबूत स्थिति में है।
11वें दिन कमाई में भारी गिरावट
फिल्म ने एडवांस बुकिंग के दम पर करीब 30 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग की थी। 26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस का भी फिल्म को भरपूर फायदा मिला और पहले सोमवार को ‘बॉर्डर 2’ ने रिकॉर्डतोड़ 59 करोड़ रुपये कमा लिए थे। लेकिन दूसरे सोमवार को यह आंकड़ा बरकरार नहीं रह सका।
रविवार को आई उछाल के बाद सोमवार को गिरावट आना तय माना जा रहा था, लेकिन यह गिरावट उम्मीद से कहीं ज्यादा रही। दूसरे सोमवार को फिल्म ने शाम तक लगभग 5.75 करोड़ रुपये की ही कमाई की। इसके साथ ही ‘बॉर्डर 2’ का अब तक का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करीब 281 करोड़ रुपये हो चुका है। गौर करने वाली बात यह है कि रविवार को फिल्म ने 22.5 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि अगले ही दिन कमाई सीधे 5.75 करोड़ पर आ गई।
पहले हफ्ते का शानदार प्रदर्शन
फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में करीब 224.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। दूसरे शुक्रवार को रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ रिलीज होने के बावजूद देओल, वरुण धवन और अहान शेट्टी स्टारर इस फिल्म की पकड़ बॉक्स ऑफिस पर बनी रही। हालांकि दूसरे हफ्ते में अब इसकी कमाई में गिरावट साफ नजर आने लगी है।




