पंजाब के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। State Council of Educational Research and Training Punjab ने सत्र 2026-27 में ‘इंग्लिश सर्कल्स’ प्रोजेक्ट को जारी रखने का निर्णय लिया है, जिसका उद्देश्य छात्रों की अंग्रेजी बोलने की क्षमता को मजबूत बनाना है।
इस पहल के तहत छठी से 12वीं कक्षा तक के इच्छुक विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा। चयन स्कूल के अध्यापक और लेक्चरर करेंगे। कार्यक्रम का मकसद छात्रों में अंग्रेजी को लेकर झिझक खत्म करना और आत्मविश्वास बढ़ाना है।
प्रोजेक्ट के अंतर्गत छात्रों को उनके स्तर के अनुसार अलग-अलग गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। अच्छे स्तर के छात्रों को बातचीत, रोल-प्ले और स्टोरी रिव्यू जैसी गतिविधियां करवाई जाएंगी, जबकि शुरुआती स्तर के विद्यार्थियों के लिए सरल और रोचक अभ्यास तैयार किए गए हैं।
इसके अलावा, स्कूलों में ‘वर्ड ऑफ द डे’ जैसी पहल शुरू की जाएगी, जिससे छात्रों की शब्दावली में सुधार होगा। अध्यापक भी विद्यार्थियों को रोजमर्रा की बातचीत में अंग्रेजी के इस्तेमाल के लिए प्रेरित करेंगे।
बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को हर महीने सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, अच्छे कार्य करने वाले छात्रों और शिक्षकों को जिला स्तर पर सर्टिफिकेट देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।




