IPL में आज एक और हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा, जहां मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने होंगी। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस आधे घंटे पहले यानी 7:00 बजे होगा।
इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा महेंद्र सिंह धोनी की संभावित वापसी को लेकर है। धोनी इस सीजन अब तक एक भी मैच नहीं खेले हैं, लेकिन आज उनके मैदान पर उतरने की उम्मीद जताई जा रही है। दूसरी ओर, मुंबई के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा भी चोट से उबरकर वापसी कर सकते हैं, जिन्होंने पिछले दो मैच मिस किए थे।
दोनों टीमों का इस सीजन प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। मुंबई और चेन्नई ने अब तक 6-6 मैच खेले हैं, जिनमें दोनों को सिर्फ 2 में जीत मिली है और 4 में हार का सामना करना पड़ा है। बेहतर नेट रनरेट के चलते मुंबई अंक तालिका में 7वें स्थान पर है, जबकि चेन्नई 8वें नंबर पर बनी हुई है।
अगर हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो मुंबई का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक 41 मुकाबले हुए हैं, जिनमें मुंबई ने 22 और चेन्नई ने 19 मैच जीते हैं। वानखेड़े स्टेडियम में भी मुंबई को बढ़त हासिल है, जहां उसने 13 में से 8 मुकाबले जीते हैं।
हालांकि हालिया प्रदर्शन में चेन्नई ने बढ़त बनाई है। 2023 के बाद दोनों टीमों के बीच खेले गए 5 मैचों में मुंबई को सिर्फ एक ही जीत मिल सकी है। मुंबई की बल्लेबाजी में इस सीजन तिलक वर्मा शानदार फॉर्म में दिखे हैं। उन्होंने 6 मैचों में 144 रन बनाए हैं और हाल ही में शतक भी जड़ा है। उनका स्ट्राइक रेट 187 से ज्यादा रहा है। गेंदबाजी में शार्दूल ठाकुर ने 5 मैचों में 6 विकेट लेकर टीम को अहम ब्रेकथ्रू दिलाए हैं, हालांकि उनकी इकोनॉमी थोड़ी महंगी रही है।
चेन्नई की तरफ से संजू सैमसन ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 6 मैचों में 192 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 174 से अधिक रहा है। गेंदबाजी में अंशुल कंबोज टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं, जिन्होंने 6 मैचों में 13 विकेट अपने नाम किए हैं। वानखेड़े की पिच को आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मुफीद माना जाता है। यहां अक्सर बड़े स्कोर बनते हैं, हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है। इस मैदान पर अब तक 126 IPL मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें 68 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को जीत मिली है।
इस सीजन यहां खेले गए तीन मुकाबलों में से दो में 200 से ज्यादा रन बने हैं, जिससे एक बार फिर हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद की जा रही है।
मौसम की बात करें तो मुंबई में आज गर्मी अपने चरम पर रहेगी। तापमान 39 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है और बारिश की कोई उम्मीद नहीं है।
संभावित प्लेइंग XI
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, क्विंटन डी कॉक, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, शेरफन रदरफोर्ड, मिचेल सैंटनर, क्रिष भगत, जसप्रीत बुमराह, अल्लाह गजनफर, अश्विनी कुमार।
चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड (कप्तान), सरफराज खान, शिवम दुबे, महेंद्र सिंह धोनी, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, मैथ्यू शॉर्ट, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, मुकेश चौधरी, गुरजपनीत सिंह।




