पाकिस्तान में टारगेट किलिंग का सिलसिला जारी, लश्कर कमांडर शेख यूसुफ अफरीदी ढेर

पाकिस्तान में टारगेट किलिंग का सिलसिला जारी, लश्कर कमांडर शेख यूसुफ अफरीदी ढेर

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक बार फिर रहस्यमयी हमले ने सुरक्षा एजेंसियों को चौंका दिया है। यहां लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े माने जाने वाले वरिष्ठ कमांडर शेख यूसुफ अफरीदी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

सूत्रों के मुताबिक, अफरीदी पर अचानक हमला किया गया और हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उसे संभलने या बचने का कोई मौका नहीं मिला। स्थानीय लोग जब तक मौके पर पहुंचे, हमलावर फरार हो चुके थे और पहाड़ी इलाके की ओर निकल गए।

बताया जा रहा है कि शेख यूसुफ अफरीदी लंबे समय से आतंकी गतिविधियों में सक्रिय था और लश्कर-ए-तैयबा की संरचना में उसकी अहम भूमिका थी। वह संगठन के प्रमुख हाफिज सईद का करीबी सहयोगी माना जाता था, जिसके चलते वह लगातार निशाने पर था।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह हत्या किसी बड़े पैटर्न का हिस्सा हो सकती है। बीते महीनों में इसी तरह के कई टारगेटेड हमले सामने आए हैं, जिनमें प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े लोगों को निशाना बनाया गया है। गौरतलब है कि फरवरी 2025 में भी लश्कर की राजनीतिक इकाई से जुड़े मौलाना काशिफ अली की स्वाबी में उनके घर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस घटना में भी हमलावर बिना कोई सुराग छोड़े फरार हो गए थे।

हालांकि, अफरीदी की हत्या के पीछे किसका हाथ है, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं और हमलावरों की तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद माना जा रहा है कि क्षेत्र में सक्रिय आतंकी नेटवर्क की कार्यप्रणाली पर असर पड़ सकता है, क्योंकि अफरीदी संगठन के ऑपरेशनल ढांचे में एक महत्वपूर्ण कड़ी था।