ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में आज ग्रुप-सी का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा, जहां वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम और इटली क्रिकेट टीम पहली बार टी-20 इंटरनेशनल में आमने-सामने होंगी। यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में सुबह 11 बजे शुरू होगा। वेस्टइंडीज अब तक टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रही है। टीम ने अपने सभी मुकाबले जीते हैं और ग्रुप-सी में शीर्ष स्थान पर काबिज है। सुपर-8 में कदम रखने से पहले विंडीज की कोशिश रहेगी कि जीत की लय बनी रहे। इटली के लिए यह पहला टी-20 वर्ल्ड कप है। भले ही टीम ने अब तक सिर्फ एक जीत दर्ज की हो, लेकिन आखिरी मैच में उलटफेर कर टूर्नामेंट को यादगार बनाना इटली का लक्ष्य होगा।
विंडीज की बल्लेबाजी में दम, गेंदबाजी भी मजबूत
शिमरॉन हेटमायर इस विश्व कप में वेस्टइंडीज के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहे हैं। तेज स्ट्राइक रेट के साथ उन्होंने अहम रन बनाए हैं। कप्तान शाई होप भी पिछले मैच में अर्धशतक लगाकर आत्मविश्वास हासिल कर चुके हैं।
निकोलस पूरन का ईडन गार्डन्स में रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। गेंदबाजी में जेसन होल्डर लगातार विकेट निकाल रहे हैं, जबकि अकील हुसैन स्पिन से दबाव बना सकते हैं।
मोस्का और मैनेंटी पर इटली की उम्मीदें
इटली की बल्लेबाजी की कमान जस्टिन मोस्का और बेंजामिन मैनेंटी के हाथों में होगी। मैनेंटी का आक्रामक स्ट्राइक रेट मिडिल ऑर्डर में विंडीज के लिए खतरा बन सकता है। गेंदबाजी में क्रिस्चन जॉर्ज अब तक सबसे सफल रहे हैं।
पिच रिपोर्ट: बल्लेबाजों को रास आएगा ईडन
ईडन गार्डन्स की पिच को आमतौर पर रन बनाने के लिए मुफीद माना जाता है। शुरुआती ओवरों में तेज आउटफील्ड और अच्छी बाउंस से बल्लेबाज फायदा उठा सकते हैं। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, स्पिन गेंदबाजों को भी मदद मिलने की संभावना है। मौसम गर्म और उमस भरा रह सकता है।
संभावित प्लेइंग-11
वेस्टइंडीज:
ब्रैंडन किंग/जॉनसन चार्ल्स, शाई होप (कप्तान, विकेटकीपर), शिमरॉन हेटमायर, रोस्टन चेज, शेरफेन रदरफोर्ड, रोवमन पॉवेल, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, अकील हुसैन, गुडाकेश मोती, जेडन सील्स/शमार जोसेफ
इटली:
वेन मैडसेन (कप्तान), मार्कस कैम्पोपियानो, जियान पिएरो मीडे, जैन अली, अली हसन, क्रिस्चन जॉर्ज, हैरी मैनेंटी, एंथोनी मोस्का, जस्टिन मोस्का, बेन मैनेंटी



