ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन ने भारत में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करते हुए बेंगलुरु में एक विशाल ऑफिस कैंपस का उद्घाटन किया है। 23 फरवरी को शुरू हुआ यह नया ऑफिस एशिया में अमेजन का दूसरा सबसे बड़ा कार्यस्थल बताया जा रहा है। शहर के बाहरी क्षेत्र कट्टिगेनाहल्ली में बने इस 12 मंजिला कैंपस का कुल क्षेत्रफल करीब 11 लाख वर्ग फुट है। अत्याधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर से लैस इस परिसर में एक साथ 7,000 से अधिक कर्मचारी काम कर सकेंगे। यहां ई-कॉमर्स, टेक्नोलॉजी, पेमेंट्स, ऑपरेशंस और सेलर सपोर्ट से जुड़े विभिन्न विभाग संचालित होंगे।
2030 तक भारत में निवेश और बढ़ाएगी अमेजन
करीब 5 एकड़ में फैले इस कैंपस के उद्घाटन के दौरान अमेजन के ग्लोबल अफेयर्स और लीगल प्रमुख डेविड जापोल्स्की ने कहा कि भारत में टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, जो वैश्विक स्तर पर भी अलग पहचान बनाता है। उन्होंने जानकारी दी कि अमेजन अब तक भारत में लगभग 40 अरब डॉलर (करीब 3.60 लाख करोड़ रुपये) का निवेश कर चुकी है। इसके अलावा कंपनी ने 2030 तक करीब 35 अरब डॉलर (लगभग 3.20 लाख करोड़ रुपये) और निवेश करने की योजना बनाई है।
भारत से ग्लोबल बनेगा ‘अमेजन नाउ’ मॉडल
जापोल्स्की ने यह भी बताया कि भारत के तेज़ी से चलने वाले शहरी बाजारों के लिए तैयार किया गया ‘अमेजन नाउ’ क्विक-कॉमर्स मॉडल काफी सफल रहा है। अब इसी मॉडल को मिडिल ईस्ट, नॉर्थ अमेरिका, यूरोप और लैटिन अमेरिका जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में लागू किया जाएगा।
कर्नाटक सरकार ने बताया बेंगलुरु को इनोवेशन सेंटर
इस मौके पर कर्नाटक के भारी और मध्यम उद्योग मंत्री एम.बी. पाटिल भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु में अमेजन का लगातार बढ़ता निवेश इस बात का संकेत है कि भारत तेजी से ग्लोबल टेक्नोलॉजी और इनोवेशन हब बन रहा है। उनके अनुसार, ऐसे बड़े कैंपस न सिर्फ रोजगार के नए अवसर पैदा करते हैं, बल्कि स्थानीय स्टार्टअप इकोसिस्टम और देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती देते हैं।



