राजामौली–महेश बाबू की ‘वाराणसी’ के सेट पर झगड़े का वीडियो? हकीकत जानकर रह जाएंगे हैरान

राजामौली–महेश बाबू की ‘वाराणसी’ के सेट पर झगड़े का वीडियो? हकीकत जानकर रह जाएंगे हैरान

भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित और महंगी फिल्मों में शुमार एस.एस. राजामौली की अगली फिल्म ‘वाराणसी’ इन दिनों जबरदस्त सुर्खियों में है। करीब 1300 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बन रही इस फिल्म को लेकर आए दिन नई अपडेट सामने आ रही हैं। बताया जा चुका है कि फिल्म की लगभग आधी शूटिंग पूरी हो चुकी है और महेश बाबू व प्रियंका चोपड़ा अपने-अपने हिस्से के सीन तेजी से निपटा रहे हैं। इसी बीच खबर थी कि फिल्म का एक बड़ा और अहम सीक्वेंस जॉर्जिया में शूट किया जाना है। खास बात ये है कि अब तक सेट से कोई भी फोटो या वीडियो बाहर नहीं आया है, क्योंकि राजामौली लीक को लेकर बेहद सख्त माने जाते हैं।

वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

सोशल मीडिया पर अचानक एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा, जिसमें दावा किया गया कि ‘वाराणसी’ के सेट पर राजामौली और महेश बाबू के बीच जोरदार लड़ाई हो गई है। वीडियो में दोनों को एक-दूसरे पर हाथ छोड़ते हुए दिखाया गया, जिसे देखकर लोग चौंक गए। पहली नजर में वीडियो इतना असली लगता है कि कुछ लोगों को लगा शायद यह किसी ऐड शूट या रिहर्सल का हिस्सा हो। लेकिन सच्चाई इससे बिल्कुल अलग निकली।

AI ने रची पूरी कहानी

जांच में सामने आया कि यह वीडियो पूरी तरह AI जनरेटेड है। न तो यह किसी कैफे का है और न ही ‘वाराणसी’ के सेट का। टेक्नोलॉजी की मदद से इसे इस तरह बनाया गया है कि असली और नकली में फर्क करना मुश्किल हो जाए। दिलचस्प बात यह है कि इस वीडियो को मशहूर फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने भी शेयर किया और इसके साथ कैप्शन लिखा — “Cinema Is Dead”

‘Cinema Is Dead’ कहने के पीछे क्या है वजह?

राम गोपाल वर्मा का यह बयान सीधे तौर पर AI के बढ़ते असर की ओर इशारा करता है। उनका मानना है कि जिस तेजी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आगे बढ़ रहा है, उससे पारंपरिक फिल्ममेकिंग और उससे जुड़े लोगों के काम पर खतरा मंडरा सकता है। हालांकि, इस मुद्दे पर दर्शकों की राय बंटी हुई है। जहां कुछ लोग इसे सिनेमा के लिए खतरा मान रहे हैं, वहीं कई यूजर्स का कहना है कि AI का एक पॉजिटिव पहलू भी है, अब कम संसाधनों में भी अच्छी कहानी वाले लोग फिल्म बना सकते हैं।

कुल मिलाकर, राजामौली और महेश बाबू की लड़ाई की खबर महज अफवाह निकली, लेकिन इस AI वीडियो ने सिनेमा और टेक्नोलॉजी के भविष्य पर एक नई बहस जरूर छेड़ दी है।