डायरेक्टर रोहित शेट्टी और अजय देवगन की सुपरहिट कॉमेडी-एक्शन सीरीज़ एक बार फिर लौटने के लिए तैयार है। लंबे इंतज़ार के बाद अब गोलमाल 5 पर आधिकारिक तौर पर काम शुरू हो चुका है। मुंबई में 23 फरवरी से फिल्म की शूटिंग चालू हो गई है और इसके साथ ही फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर नई जानकारी सामने आई है।
‘जवान’ और ‘द फैमिली मैन’ की एक्ट्रेस की फ्रेंचाइज़ी में एंट्री
ताज़ा रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख खान की फिल्म जवान और वेब सीरीज़ द फैमिली मैन में दमदार अभिनय कर चुकीं एक्ट्रेस प्रियमणि अब ‘गोलमाल 5’ का हिस्सा बन गई हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी है, हालांकि उनके किरदार को लेकर अभी मेकर्स ने चुप्पी साध रखी है। फिल्म का पहला शेड्यूल करीब एक महीने तक चलने वाला है।
पुराने सितारों के साथ दिखेगी बड़ी स्टारकास्ट
इस बार भी ‘गोलमाल’ की पहचान बने कई चेहरे फिल्म में नजर आएंगे। अजय देवगन के साथ अरशद वारसी, तुषार कपूर, कुणाल खेमू, श्रेयस तलपड़े, जॉनी लिवर, मुकेश तिवारी और संजय मिश्रा एक बार फिर दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार हैं।
अक्षय कुमार की एंट्री से बढ़ा एक्साइटमेंट
फिल्म को और भी भव्य बनाने के लिए रोहित शेट्टी ने इस बार एक बड़ा सरप्राइज़ दिया है। अक्षय कुमार ‘गोलमाल 5’ में अहम भूमिका निभाने वाले हैं और खास बात ये है कि वो निगेटिव किरदार में नजर आएंगे। यानी पर्दे पर अजय देवगन और अक्षय कुमार के बीच टक्कर देखने को मिलेगी।
रिलीज डेट पर अभी सस्पेंस
‘गोलमाल’ फ्रेंचाइज़ी की आखिरी फिल्म साल 2017 में रिलीज हुई थी। लगभग 9 साल बाद इसका पांचवां पार्ट बन रहा है, ऐसे में फैंस की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक फिल्म की रिलीज डेट का खुलासा नहीं किया है, लेकिन शूटिंग शुरू होने के साथ ही चर्चाएं तेज़ हो चुकी हैं।




