Vigilance का बड़ा एक्शन! पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार

Vigilance का बड़ा एक्शन! पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार

पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी सख्त अभियान के तहत विजिलेंस विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बठिंडा जिले के गांव कोट शमीयर-1 में तैनात पटवारी मनजोत सिंह को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई विभाग को मिली एक शिकायत के आधार पर की गई, जिसके बाद पूरी योजना बनाकर ट्रैप लगाया गया।

जानकारी के मुताबिक आरोपी पटवारी ने पैतृक संपत्ति के इंतकाल (नामांतरण) के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता गगनदीप सिंह, जो कोट शमीयर गांव का निवासी है, ने विजिलेंस विभाग को बताया कि उसके ताऊ की मृत्यु के बाद जमीन का इंतकाल करवाने के लिए पटवारी 10,000 रुपये की मांग कर रहा था। पीड़ित ने रिश्वत देने के बजाय मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी।

शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया। तय प्रक्रिया के अनुसार जब आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ली, तो टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ काबू कर लिया। तलाशी के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।

विजिलेंस विभाग के इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने दोहराया कि पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू है। आम लोगों से अपील की गई है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो वे बिना डर के विजिलेंस विभाग को शिकायत करें। सरकार और विभाग का उद्देश्य प्रशासन को पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *