मध्य पूर्व एक बार फिर युद्ध के मुहाने पर खड़ा दिखाई दे रहा है। ईरान ने अपने ऊपर हुए हालिया हमलों के जवाब में अमेरिका के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है। जानकारी के मुताबिक, ईरानी सेना ने एक साथ कई देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
इन हमलों की गूंज कतर से लेकर सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात तक सुनाई दी। चश्मदीदों के अनुसार, जोरदार विस्फोटों के बाद आसमान में आग के गोले और घना धुआं उठता दिखाई दिया। कई राहगीरों ने इन खौफनाक मंजरों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया है। बताया जा रहा है कि ईरान ने कतर, बहरीन, कुवैत, सऊदी अरब, जॉर्डन और यूएई के प्रमुख इलाकों में स्थित अमेरिकी सैन्य और नौसैनिक अड्डों को निशाना बनाया। बहरीन प्रशासन ने पुष्टि की है कि वहां अमेरिकी नौसेना के फिफ्थ फ्लीट मुख्यालय की दिशा में मिसाइल हमला किया गया।
इस बीच, क्षेत्र में सुरक्षा हालात और ज्यादा बिगड़ गए हैं। कतर की राजधानी दोहा में एहतियातन एयरबेस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। वहीं अबू धाबी, दोहा और रियाद में लोगों ने तेज धमाकों की आवाजें सुनीं, जिससे आम नागरिकों में डर का माहौल बन गया। उधर, जवाबी कार्रवाई में अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से ईरान के भीतर सैन्य ठिकानों पर हमले किए। रिपोर्ट्स के अनुसार, तब्रीज़ में ईरान के मिसाइल लॉन्चर को निशाना बनाया गया है। इसके बाद पूरे ईरान और इजरायल में सायरन बजने लगे, जो संभावित बड़े संघर्ष की चेतावनी माने जा रहे हैं।
इन घटनाओं ने साफ कर दिया है कि मध्य पूर्व एक नए और खतरनाक टकराव की ओर बढ़ रहा है, जिसके असर सिर्फ क्षेत्र तक सीमित नहीं रह सकते।



