अमेरिका का प्रसिद्ध शहर Chicago आज अपनी ऊंची-ऊंची इमारतों और आधुनिक वास्तुकला के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि दुनिया की पहली गगनचुंबी इमारत भी इसी शहर में बनी थी। इतना ही नहीं, लोकप्रिय मिठाई Brownie भी पहली बार यहीं तैयार की गई थी।
शिकागो का इतिहास संघर्ष, नवाचार और पुनर्निर्माण की प्रेरणादायक कहानी है। यह शहर कभी महज कुछ सौ लोगों की आबादी वाला छोटा सा कस्बा था, जो आज अमेरिका के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण महानगरों में गिना जाता है।
छोटे से कस्बे से महानगर बनने तक
शिकागो की खोज 1673 में फ्रांसीसी खोजकर्ताओं ने की थी। बाद में 18वीं सदी के अंत में Jean Baptiste Point du Sable ने यहां बसावट की नींव रखी और उन्हें शहर का संस्थापक माना जाता है। 1833 में यहां की आबादी करीब 350 थी, लेकिन 4 मार्च 1837 को इसे आधिकारिक रूप से शहर का दर्जा मिलने के बाद विकास की रफ्तार तेजी से बढ़ने लगी।
1848 में नहर बनने से शिकागो व्यापार और परिवहन का एक बड़ा केंद्र बन गया और यहां तेजी से उद्योग और कारोबार का विस्तार हुआ।
जब भयानक आग ने शहर को झकझोर दिया
साल 1871 में लगी भीषण आग, जिसे इतिहास में Great Chicago Fire कहा जाता है, ने पूरे शहर को तबाह कर दिया। इस त्रासदी में करीब 300 लोगों की मौत हुई और हजारों इमारतें जलकर राख हो गईं।
हालांकि इस आपदा के बाद शहर ने हार नहीं मानी। पुनर्निर्माण के दौरान आधुनिक निर्माण तकनीक और नई वास्तुकला का विकास हुआ, जिसने दुनिया भर में इमारतों के निर्माण का तरीका बदल दिया।
यहीं बना दुनिया का पहला स्काईस्क्रेपर
इसी पुनर्निर्माण के दौर में 1885 में Home Insurance Building का निर्माण हुआ। स्टील फ्रेम तकनीक से बनी यह इमारत दुनिया की पहली गगनचुंबी इमारत मानी जाती है।
आज Chicago को “स्काईस्क्रेपर का जन्मस्थान” कहा जाता है और यह शहर अपनी ऐतिहासिक विरासत, आधुनिक वास्तुकला और नवाचार के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है।
(Picture Courtesy: Freepik)




