19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में फिल्म प्रेमियों के लिए बड़ा दिन होने वाला है। इसी तारीख पर दो बड़ी फिल्में ‘धुरंधर 2’ और ‘उस्ताद भगत सिंह’ रिलीज होने जा रही हैं। एक तरफ रणवीर सिंह की स्पाई-थ्रिलर है तो दूसरी ओर पवन कल्याण की मास-एक्शन एंटरटेनर, जिसकी वजह से बॉक्स ऑफिस पर जोरदार मुकाबले की चर्चा तेज हो गई है।
इस क्लैश को लेकर ‘उस्ताद भगत सिंह’ के निर्देशक हरीश शंकर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि किसी फिल्म की रिलीज डेट सिर्फ डायरेक्टर का फैसला नहीं होता, बल्कि इसमें कई फैक्टर्स शामिल होते हैं। बड़े बजट की फिल्मों को अक्सर त्योहारों के आसपास रिलीज किया जाता है क्योंकि उस समय दर्शकों की संख्या ज्यादा होती है।
हरीश शंकर ने यह भी कहा कि दोनों फिल्मों का जॉनर अलग है, इसलिए उन्हें क्लैश को लेकर ज्यादा चिंता नहीं है। उनके मुताबिक ‘उस्ताद भगत सिंह’ एक टिपिकल मास-एक्शन फिल्म है, जबकि ‘धुरंधर 2’ स्पाई-थ्रिलर के रूप में अलग तरह का सिनेमाई अनुभव देती है। Gulte.com को दिए इंटरव्यू में उन्होंने आदित्य धर की भी तारीफ की। शंकर ने कहा कि उन्होंने ‘उरी’ देखी है और आदित्य धर बेहद टैलेंटेड फिल्ममेकर हैं। उनका मानना है कि दोनों फिल्मों की ऑडियंस अलग है, इसलिए दोनों को फायदा मिल सकता है।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि अगर सामने किसी बड़े स्टार की म्यूजिकल-एंटरटेनर फिल्म होती, जैसे शाहरुख खान की कोई फिल्म जिसमें गाने और फुल मसाला एंटरटेनमेंट होता, तब शायद वे क्लैश के बारे में ज्यादा सोचते। ‘उस्ताद भगत सिंह’ में पवन कल्याण के साथ श्रीलीला और राशि खन्ना मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत देवी श्री प्रसाद ने तैयार किया है। वहीं आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2’ में रणवीर सिंह डबल रोल में दिखेंगे, जहां वे हमजा और जसकीरत सिंह रंगी के किरदार निभाते नजर आएंगे। फिल्म में संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन भी अहम भूमिकाओं में हैं।
खास बात यह है कि फिल्म का 18 मार्च को पेड प्रिव्यू रखा गया है और रिलीज से पहले ही इसकी एडवांस बुकिंग काफी मजबूत बताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक टिकट की कीमतें 300 रुपये से लेकर 3100 रुपये तक पहुंच चुकी हैं, जिससे फिल्म के प्रति दर्शकों का उत्साह साफ नजर आ रहा है।




