द हंड्रेड में पाकिस्तानी स्पिनर को मौका: सनराइजर्स लीड्स ने अबरार अहमद को 2.34 करोड़ में खरीदा

द हंड्रेड में पाकिस्तानी स्पिनर को मौका: सनराइजर्स लीड्स ने अबरार अहमद को 2.34 करोड़ में खरीदा

इंग्लैंड की टी-20 प्रतियोगिता द हंड्रेड की नीलामी में पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद को भारतीय मालिकाना हक वाली फ्रेंचाइजी सनराइजर्स लीड्स ने अपनी टीम में शामिल कर लिया है। टीम की CEO काव्या मारन ने उन पर 1.90 लाख पाउंड यानी लगभग 2.34 करोड़ रुपए की बोली लगाई। इस सौदे के साथ अबरार 21 जुलाई से शुरू होने वाली लीग में किसी भारतीय स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी से खेलने वाले पहले पाकिस्तानी क्रिकेटर बन गए हैं।

सनराइजर्स लीड्स दरअसल पहले नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स के नाम से जानी जाती थी। पिछले साल चेन्नई स्थित मीडिया कंपनी सन ग्रुप ने ECB से 49% और यॉर्कशायर काउंटी क्लब से 51% हिस्सेदारी खरीदकर इस टीम का पूरा नियंत्रण अपने हाथ में लिया था। करीब 10 करोड़ पाउंड के इस सौदे के बाद टीम का नाम बदलकर सनराइजर्स लीड्स कर दिया गया। भारत-पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चल रहे राजनीतिक तनाव के कारण IPL फ्रेंचाइजियां 2009 के बाद से पाकिस्तानी खिलाड़ियों को अपनी टीमों में शामिल नहीं करती रही हैं। हालांकि सन ग्रुप की IPL टीम सनराइजर्स हैदराबाद और SA20 लीग की सनराइजर्स ईस्टर्न केप में फिलहाल कोई पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं है।

उस्मान तारिक भी नीलामी में बिके
द हंड्रेड की इस नीलामी में बिकने वाले दूसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक रहे। उन्हें बर्मिंघम फीनिक्स ने 1.40 लाख पाउंड (करीब 1.72 करोड़ रुपए) में खरीदा। वहीं तेज गेंदबाज हारिस रऊफ और ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर सैम अयूब को कोई खरीदार नहीं मिला और वे अनसोल्ड रहे।

मुस्तफिजुर रहमान को लेकर पहले भी हो चुका है विवाद
दिसंबर 2025 में अबू धाबी में हुए IPL 2026 मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपए में खरीदा था। बाद में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों को लेकर भारत में विरोध शुरू हुआ, जिसके बाद BCCI के हस्तक्षेप से KKR ने रहमान को रिलीज कर दिया। इस फैसले से नाराज बांग्लादेश सरकार ने अपने देश में IPL के प्रसारण पर रोक लगा दी थी। साथ ही बांग्लादेश ने भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में खेलने से भी इनकार कर दिया था, जिसके बाद ICC ने उसे टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड को मौका दिया।

भारत-पाक मैच पर भी बना था विवाद
टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मुकाबले का बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया था। बाद में श्रीलंका के राष्ट्रपति की मध्यस्थता के बाद पाकिस्तान ने खेलने की मंजूरी दी। 15 फरवरी को कोलंबो में खेले गए उस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराया था, जिसमें ईशान किशन ने शानदार अर्धशतक लगाया था।