गर्मियों के मौसम में अक्सर त्वचा अपनी नमी और चमक खोने लगती है, जिससे चेहरा फीका और थका हुआ दिखाई देने लगता है। ऐसे में महंगे प्रोडक्ट्स की जगह घर में मौजूद प्राकृतिक चीजें भी आपकी स्किन को फिर से निखार सकती हैं। किचन में मिलने वाला जैतून का तेल और शहद मिलाकर लगाने से त्वचा को गहराई से पोषण मिलता है और कुछ ही दिनों में फर्क नजर आने लगता है।
शहद क्यों है फायदेमंद?
शहद त्वचा के लिए एक बेहतरीन प्राकृतिक मॉइश्चराइजर माना जाता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व, विटामिन और एंटीबैक्टीरियल गुण त्वचा को साफ और हेल्दी बनाए रखते हैं। रात में चेहरे पर शहद लगाने से स्किन रिपेयर होती है और नैचुरल ग्लो बढ़ता है। यह ब्लैकहेड्स और अतिरिक्त ऑयल को हटाने में भी मदद करता है।
ऑलिव ऑयल के फायदे
जैतून का तेल विटामिन ए, डी, ई और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर होता है, जो त्वचा को अंदर से पोषण देता है। यह ड्राई स्किन को हाइड्रेट करता है और नेचुरल मॉइश्चर बनाए रखता है। नियमित मसाज करने से झुर्रियां और फाइन लाइन्स कम होती हैं, साथ ही दाग-धब्बों और टैनिंग में भी सुधार आता है।
दोनों को साथ लगाने से क्या होता है असर?
जब शहद और ऑलिव ऑयल को मिलाकर चेहरे पर लगाया जाता है, तो यह त्वचा को गहराई से नमी देता है और उसे मुलायम व चमकदार बनाता है। यह मिश्रण मुंहासों को कम करने, स्किन टोन सुधारने और चेहरे की कसावट बढ़ाने में सहायक हो सकता है।
इस्तेमाल करने का तरीका
दोनों चीजों को बराबर मात्रा में मिलाकर चेहरे पर हल्के हाथों से मसाज करें। इसे करीब 10-15 मिनट तक लगा रहने दें और फिर सादे पानी से धो लें। चाहें तो इसे रातभर के लिए भी लगा सकते हैं और सुबह साफ कर सकते हैं। नियमित उपयोग से त्वचा में नैचुरल ग्लो नजर आने लगता है।




