पंजाब में गेहूं खरीद सीजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। जालंधर के जिला प्रशासकीय परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री लाल चंद काटारुचक ने कहा कि किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार सभी जरूरी इंतजाम पहले ही पूरे कर लिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य की मंडियों में खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। अनाज की समय पर लिफ्टिंग सुनिश्चित करने के लिए गोदामों को पहले से खाली कराया जा रहा है, ताकि किसी तरह की रुकावट न आए।
मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि किसानों को उनकी फसल का भुगतान 24 घंटे के भीतर सीधे उनके खातों में भेजा जाएगा। इसके लिए पंजाब सरकार ने लगभग 30,973 करोड़ रुपये की राशि पहले ही निर्धारित कर दी है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि किसानों को बिना किसी परेशानी के उनकी फसल का उचित मूल्य मिले और पूरी खरीद प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।




