बठिंडा की अदालत में चल रहे मानहानि केस में मंगलवार को निर्धारित सुनवाई नहीं हो सकी और अब इसे 28 अप्रैल तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। अदालत के अवकाश पर होने के कारण मामले में कोई कार्यवाही नहीं हो पाई।
मामले से जुड़े वकील रघबीर सिंह बहणीवाल ने बताया कि इस दिन दो गवाहों—सुरजीत सिंह फूल और गुरप्रीत सिंह—की गवाही दर्ज की जानी थी, लेकिन जज की अनुपस्थिति के चलते यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
इसके अलावा, शिकायतकर्ता पक्ष की ओर से कंगना रनौत का पासपोर्ट जब्त करने के लिए दायर आवेदन पर भी सुनवाई होनी थी, जो अब अगली तारीख पर होगी।
यह मामला उस समय का है जब दिल्ली में किसान आंदोलन के दौरान कंगना रनौत द्वारा माता महिंदर कौर को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इसी को आधार बनाकर उनके खिलाफ मानहानि का केस दायर किया गया था, जिसकी सुनवाई लगातार जारी है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 28 अप्रैल को होगी, जहां आगे की कार्यवाही होने की उम्मीद है।



