सुरक्षा कारणों से विधायक पठानमाजरा पटियाला से बठिंडा जेल शिफ्ट

सुरक्षा कारणों से विधायक पठानमाजरा पटियाला से बठिंडा जेल शिफ्ट

पंजाब में आम आदमी पार्टी के बागी विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को अचानक पटियाला जेल से बठिंडा केंद्रीय जेल स्थानांतरित कर दिया गया है। इस फैसले के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल देखी जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, यह कदम सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया। पठानमाजरा को हाल ही में मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था और इसके बाद उनसे पटियाला में पूछताछ चल रही थी। पुलिस रिमांड खत्म होने से पहले ही अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

बताया जा रहा है कि जेल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताओं के चलते देर रात कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच उनका ट्रांसफर किया गया। उन पर गंभीर आरोप दर्ज हैं, जिनमें आपराधिक धमकी, धोखाधड़ी और दुष्कर्म से जुड़े मामले शामिल हैं।

प्रशासन का कहना है कि यह कदम पूरी तरह एहतियात के तौर पर उठाया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।