आज जब दर्शक ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर एक्शन, क्राइम और थ्रिल से भरे कंटेंट में उलझे रहते हैं, तब ‘पंचायत’ और ‘गुल्लक’ जैसी हल्की-फुल्की और दिल छू लेने वाली कहानियां अलग पहचान बना रही हैं। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि ऐसी सादगी और भावनाओं से भरा कंटेंट भारत में दशकों पहले ही तैयार हो चुका था। 80 के दशक का मशहूर धारावाहिक ‘मालगुड़ी डेज’ इस बात का सबसे बड़ा उदाहरण है, जिसने बिना किसी शोर-शराबे के हर घर में जगह बना ली थी।
कम एपिसोड्स में बड़ी बात कह गया ये शो
जहां आजकल के टीवी शोज सालों-साल चलते रहते हैं, वहीं ‘मालगुड़ी डेज’ ने सीमित एपिसोड्स में ही दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ दी। करीब 50 एपिसोड्स में खत्म होने वाला यह शो आज भी अपनी कहानी और प्रस्तुति के लिए याद किया जाता है। 1986 में शुरू हुए इस धारावाहिक ने उस दौर में पारिवारिक रिश्तों, गांव की जिंदगी और मानवीय मूल्यों को बेहद सहज अंदाज में दिखाया, जो हर उम्र के लोगों को पसंद आया।
IMDb पर शानदार रेटिंग, आज भी कायम है क्रेज
सीमित संसाधनों के बावजूद इस शो की लोकप्रियता इतनी जबरदस्त रही कि आज भी इसे 9.4 की IMDb रेटिंग हासिल है। यह उपलब्धि इसे दुनिया के बेहतरीन टीवी शोज की सूची में शामिल करती है। इसकी कहानियां छोटी जरूर थीं, लेकिन हर एपिसोड एक गहरा संदेश छोड़ जाता था, जो इसे खास बनाता है।
स्वामी का किरदार बना हर दिल की धड़कन
इस शो का सबसे चर्चित चेहरा रहा ‘स्वामी’, जिसे मास्टर मंजूनाथ ने निभाया था। उसकी मासूमियत, शरारतें और परिवार के साथ जुड़ाव दर्शकों को भावुक कर देता था। यही वजह है कि यह किरदार आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है। शो की लोकप्रियता का असर इतना था कि कर्नाटक का अरसलु रेलवे स्टेशन आज भी ‘मालगुड़ी स्टेशन’ के नाम से जाना जाता है।
दिग्गज निर्देशक का कमाल और आज की उपलब्धता
इस कालजयी सीरीज को मशहूर लेखक आरके नारायण की कहानियों से प्रेरित होकर बनाया गया था और इसे निर्देशक शंकर नाग ने पर्दे पर जीवंत किया। चार सीजन में फैले इस शो ने यह साबित कर दिया कि अच्छी कहानी के लिए बड़े बजट की नहीं, बल्कि सच्ची भावनाओं की जरूरत होती है। आज की नई पीढ़ी भी इस क्लासिक शो को ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर आसानी से देख सकती है।
आज भी देता है वही पुरानी गर्माहट
‘मालगुड़ी डेज’ सिर्फ एक टीवी शो नहीं, बल्कि भारतीय जीवन की सादगी और असली भावनाओं का आईना है। यही कारण है कि दशकों बाद भी इसका जादू बरकरार है और यह आधुनिक दौर की वेब सीरीज को कड़ी टक्कर देता नजर आता है।




