IPL 2026: अहमदाबाद में आज बड़ा मुकाबला, गुजरात की नजर जीत की हैट्रिक पर, मुंबई वापसी को बेकरार

IPL 2026: अहमदाबाद में आज बड़ा मुकाबला, गुजरात की नजर जीत की हैट्रिक पर, मुंबई वापसी को बेकरार

आईपीएल के 19वें सीजन का रोमांच जारी है और आज टूर्नामेंट का 30वां मुकाबला गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है।

मुंबई इंडियंस इस मैच में अपनी लगातार हार के सिलसिले को खत्म करने के इरादे से उतरेगी। टीम अब तक लगातार चार मुकाबले हार चुकी है और पॉइंट्स टेबल में वापसी के लिए उसे जीत की सख्त जरूरत है। वहीं दूसरी ओर गुजरात टाइटंस शानदार फॉर्म में है और लगातार चौथी जीत दर्ज करने का सुनहरा मौका उसके पास है।

गुजरात के कप्तान शुभमन गिल बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं। उन्होंने 5 मैचों में 251 रन बनाए हैं और ऑरेंज कैप की रेस में मजबूती से बने हुए हैं। वे टॉप पर मौजूद हेनरिक क्लासन से सिर्फ 32 रन पीछे हैं। टीम के लिए जोस बटलर भी 220 रन बनाकर अहम योगदान दे रहे हैं। गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा ने 11 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है और वे पर्पल कैप की दौड़ में भी करीब हैं।

मुंबई इंडियंस की बात करें तो टीम की बल्लेबाजी का भार रोहित शर्मा और रायन रिकेल्टन पर रहा है। दोनों ने 137-137 रन बनाए हैं, हालांकि रिकेल्टन ने एक मैच ज्यादा खेला है। गेंदबाजी में शार्दूल ठाकुर 6 विकेट के साथ टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं। हालांकि इस मैच में रोहित शर्मा के खेलने को लेकर स्थिति साफ नहीं है। वे हाल ही में बेंगलुरु के खिलाफ मैच में चोटिल हो गए थे। कप्तान हार्दिक पंड्या ने संकेत दिए हैं कि रोहित को जल्दबाजी में वापस नहीं लाया जाएगा और उन्हें कुछ मैचों का आराम दिया जा सकता है।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच संतुलित मानी जाती है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को बाउंस और हल्की मूवमेंट मिलती है, जिससे पावरप्ले में विकेट गिरने की संभावना रहती है। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच धीमी हो जाती है और स्पिन गेंदबाज प्रभावी हो जाते हैं। बड़े मैदान के कारण बल्लेबाजों को बड़े शॉट्स खेलने के साथ स्ट्राइक रोटेशन पर भी ध्यान देना पड़ता है।

इस मैदान पर अब तक कुल 46 आईपीएल मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें पहले बल्लेबाजी और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को बराबर 23-23 जीत मिली हैं। इस सीजन यहां खेले गए दो मैचों में गुजरात को एक में जीत और एक में हार मिली है। मौसम की बात करें तो अहमदाबाद में आज गर्मी का असर देखने को मिलेगा। तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि रात में भी गर्मी बनी रहेगी। अच्छी बात यह है कि बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे मैच बिना रुकावट पूरा होने की उम्मीद है।

संभावित प्लेइंग-11

गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इम्पैक्ट प्लेयर: शाहरुख खान

मुंबई इंडियंस: रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), क्विंटन डी कॉक, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफन रदरफोर्ड, नमन धीर, मयंक रावत, शार्दूल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।
इम्पैक्ट प्लेयर: ट्रेंट बोल्ट