IPL 2026 का 35वां मुकाबला आज Delhi Capitals और Punjab Kings के बीच खेला जाएगा। मैच दोपहर 3:30 बजे Arun Jaitley Stadium में शुरू होगा, जहां बल्लेबाजों के लिए मददगार पिच देखने को मिलती है।
पॉइंट्स टेबल में पंजाब का दबदबा
अब तक पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन किया है। टीम 6 मैचों में 5 जीत और एक बेनतीजा मुकाबले के साथ 11 अंक लेकर टॉप पर है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है, 6 मैचों में 3 जीत और 3 हार के साथ टीम छठे नंबर पर है।
हेड-टू-हेड में कांटे की टक्कर
दोनों टीमों के बीच अब तक 34 मुकाबले हुए हैं। इनमें से 17 पंजाब ने और 16 दिल्ली ने जीते हैं, जबकि एक मैच टाई रहा है। पिछले सीजन में दिल्ली ने बाज़ी मारी थी।
दिल्ली की बल्लेबाजी बनी सिरदर्द
दिल्ली के लिए सबसे बड़ी चिंता उनकी अस्थिर बैटिंग है। KL Rahul, David Miller, Tristan Stubbs और Sameer Rizvi ने कुछ मैचों में अच्छा किया है, लेकिन ओपनिंग जोड़ी लगातार बड़ी शुरुआत देने में नाकाम रही है। कप्तान Axar Patel पर अब अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी। रिजवी 209 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर हैं, जबकि Lungi Ngidi 7 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज हैं।
कप्तानी और फील्डिंग पर उठे सवाल
पिछले मुकाबले में अक्षर पटेल के कुछ फैसलों की आलोचना हुई। अहम समय पर फ्रंटलाइन गेंदबाजों की बजाय पार्ट-टाइम विकल्पों का इस्तेमाल महंगा साबित हुआ। साथ ही टीम की खराब फील्डिंग ड्रॉप कैच और मिस्ड रन-आउट हार की बड़ी वजह बनी।
पंजाब का संतुलित खेल बना ताकत
पंजाब किंग्स इस सीजन की सबसे मजबूत टीमों में गिनी जा रही है। टीम ने लखनऊ के खिलाफ 254 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। Prabhsimran Singh और कप्तान Shreyas Iyer अच्छी फॉर्म में हैं, जबकि कूपर कोनोली 223 रन के साथ टीम के टॉप स्कोरर हैं। गेंदबाजी में Arshdeep Singh, Yuzvendra Chahal और Marco Jansen लगातार विकेट निकाल रहे हैं।
पिच और मौसम का हाल
दिल्ली का मैदान बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद माना जाता है। छोटी बाउंड्री और फ्लैट विकेट के चलते यहां बड़े स्कोर बनते हैं।
मौसम गर्म रहेगा, तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है और बारिश की कोई उम्मीद नहीं है।
संभावित प्लेइंग XI
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्या, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वधेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोयनिस, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, विजयकुमार वैशाख।
दिल्ली कैपिटल्स: पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश राणा, समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन, मुकेश कुमार।




