IPL 2026: दिल्ली 75 पर सिमटी, RCB की एकतरफा जीत, कोहली ने IPL में रचा नया इतिहास

IPL 2026: दिल्ली 75 पर सिमटी, RCB की एकतरफा जीत, कोहली ने IPL में रचा नया इतिहास

IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली की टीम पूरी तरह लड़खड़ा गई और महज 75 रन पर ऑलआउट हो गई।

दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही, टीम ने सिर्फ 8 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। बाद में अभिषेक पोरेल ने 30 रन की पारी खेलकर स्कोर को किसी तरह 75 तक पहुंचाया। पूरी टीम 16.3 ओवर ही खेल सकी। इस छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु ने आक्रामक अंदाज दिखाया और सिर्फ 6.3 ओवर में 1 विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। देवदत्त पडिक्कल 34 रन और विराट कोहली 23 रन बनाकर नाबाद लौटे।

गेंदबाजी में बेंगलुरु के जोश हेजलवुड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं भुवनेश्वर कुमार ने भी 3 विकेट लेकर दिल्ली की कमर तोड़ दी। इस मैच के दौरान विराट कोहली ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने 11 रन बनाते ही IPL इतिहास में 9000 रन पूरे कर लिए और ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।

पॉइंट्स टेबल की बात करें तो इस जीत के बाद बेंगलुरु के 12 अंक हो गए हैं और टीम दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स 8 मैचों में 6 अंक के साथ सातवें स्थान पर है। कमजोर नेट रनरेट के चलते दिल्ली के लिए प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है, अब टीम को बाकी 6 में से कम से कम 5 मैच जीतने होंगे।

टीम संयोजन:

दिल्ली कैपिटल्स: साहिल परख, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), दुष्मंथा चमीरा, काइल जैमीसन, कुलदीप यादव, टी नटराजन
इम्पैक्ट प्लेयर: अभिषेक पोरेल

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, कृणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रसिख डार
इम्पैक्ट प्लेयर: जेकब बेथेल