चंडीगढ़ में आउटसोर्स पर कार्यरत करीब 20 हजार कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रशासन जल्द ही नए डीसी रेट लागू करने जा रहा है, जिससे कर्मचारियों के वेतन में 6 से 8 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होगी। यह नए रेट 10 मई तक लागू होने की संभावना है।
हालांकि अधिसूचना मई में जारी होगी, लेकिन कर्मचारियों को बढ़े हुए वेतन का लाभ 1 अप्रैल से ही दिया जाएगा। सभी विभागों द्वारा कर्मचारियों का डाटा डीसी कार्यालय को भेजा जा चुका है और प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
इस फैसले का फायदा चंडीगढ़ प्रशासन के अंतर्गत आने वाले सरकारी कार्यालयों, बोर्ड, निगम, पब्लिक सेक्टर यूनिट्स और स्वायत्त संस्थाओं में कार्यरत कर्मचारियों को मिलेगा। यह वेतन वृद्धि केवल 8 घंटे की ड्यूटी के आधार पर लागू होगी।
पिछले वर्ष जहां 5 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी, वहीं इस बार करीब 420 अलग-अलग पदों के लिए डीसी रेट में संशोधन किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि तय समय सीमा के भीतर इसे लागू कर दिया जाएगा।
वेतन वृद्धि का लाभ बेलदार, चौकीदार, सफाई कर्मचारी, माली, हेल्पर, कुक, गेटकीपर, सेवादार, पार्किंग कर्मचारी और अन्य कई श्रेणियों के कर्मचारियों को मिलेगा। इसके अलावा, मेडिकल लैब टेक्नीशियन और जूनियर इंजीनियर (सिविल) भी वेतन बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल कई श्रेणियों में कर्मचारियों का वेतन लगभग 20 हजार रुपये के आसपास है। क्लर्क का वेतन 22,428 रुपये, डाटा एंट्री ऑपरेटर का 28,250 रुपये, सिक्योरिटी गार्ड का 26,114 रुपये और जेई सिविल का करीब 38 हजार रुपये है। वहीं आयुर्वेदिक मेडिकल अधिकारी को 43,691 रुपये तक का वेतन मिल रहा है।
नए डीसी रेट लागू होने के बाद ये दरें अगले वर्ष 31 मार्च तक प्रभावी रहेंगी।



