शिमला में राष्ट्रपति के ग्रीष्मकालीन निवास पर आयोजित ‘एट होम’ समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने हिमाचल प्रदेश के प्राकृतिक सौंदर्य की जमकर सराहना की। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि यहां की वादियां इतनी आकर्षक हैं कि उनका मन करता है यहीं जमीन लेकर बस जाएं।
राष्ट्रपति ने मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास परिसर का जिक्र करते हुए कहा कि यहां पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, जिसका उपयोग लोगों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि मौसम की चुनौतियों को देखते हुए इनडोर सुविधाओं का विकास भी जरूरी है, ताकि आगंतुकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
अपने हिमाचल दौरे के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि खराब मौसम के कारण कुछ निर्धारित कार्यक्रम पूरे नहीं हो सके। वह अटल टनल के रास्ते मनाली जाने और पालमपुर स्थित कृषि विश्वविद्यालय का दौरा करने की इच्छुक थीं, लेकिन मौसम अनुकूल न होने से ये योजनाएं रद्द करनी पड़ीं।
इस कार्यक्रम में राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, मंत्रीगण, वरिष्ठ अधिकारी और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जिन्होंने राष्ट्रपति के साथ संवाद किया और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।


