बॉलीवुड की मल्टीस्टारर रोमांटिक फिल्म ‘सलाम-ए-इश्क’ को रिलीज हुए करीब 19 साल हो चुके हैं। अब खबरें हैं कि निर्देशक निखिल आडवाणी इस फिल्म के दूसरे पार्ट पर काम करने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि मेकर्स की तरफ से अभी कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन रिपोर्ट्स ने फैंस की उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार कहानी पहले से अलग अंदाज में दिखाई जाएगी। जहां पुरानी फिल्म में 6 कपल्स की कहानी थी, वहीं नए पार्ट में तीन जोड़ों की जिंदगी को एक-दूसरे से जोड़कर पेश किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि फिल्म में प्यार, किस्मत और रिश्तों के उतार-चढ़ाव को मॉडर्न तरीके से दिखाया जाएगा।
खबरों की मानें तो फिल्म में लीड रोल के लिए अक्षय कुमार का नाम सामने आया है। अगर ऐसा होता है तो माना जा रहा है कि वह इस फ्रेंचाइजी में सलमान खान की जगह नजर आ सकते हैं। हालांकि बाकी स्टारकास्ट को लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
अक्षय कुमार और निखिल आडवाणी पहले भी कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। दोनों की जोड़ी ‘चांदनी चौक टू चाइना’ और ‘पटियाला हाउस’ जैसी फिल्मों में दिखाई दे चुकी है। ऐसे में अगर यह प्रोजेक्ट फाइनल होता है तो दोनों तीसरी बार साथ काम करते नजर आएंगे।
साल 2007 में रिलीज हुई ‘सलाम-ए-इश्क’ एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म थी, जिसमें कई बड़े सितारे शामिल थे। फिल्म की कहानी रिश्तों, प्यार और भरोसे के अलग-अलग पहलुओं के इर्द-गिर्द घूमती थी।




