IPL 2026 में आज राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमें जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम 7:30 बजे आमने-सामने होंगी। पॉइंट्स टेबल में दोनों के 12-12 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रनरेट के चलते राजस्थान फिलहाल चौथे और गुजरात पांचवें स्थान पर मौजूद है। अगर गुजरात यह मैच जीतती है तो वह राजस्थान को पीछे छोड़ सकती है।
शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस लगातार तीन जीत दर्ज कर आत्मविश्वास से भरी हुई है। दूसरी ओर रियान पराग की अगुआई वाली राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन पिछले कुछ मुकाबलों में उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम ने अपने पिछले पांच मैचों में तीन हार झेली हैं।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 9 मुकाबले हुए हैं, जिनमें गुजरात ने 6 और राजस्थान ने 3 मैच जीते हैं। इस सीजन के पहले मुकाबले में राजस्थान ने अहमदाबाद में गुजरात को 6 रन से हराया था।
राजस्थान की सबसे बड़ी परेशानी उसकी गेंदबाजी बन गई है। टीम पिछले दो मैचों में 220 से ज्यादा रन बनाने के बावजूद मुकाबला जीत नहीं पाई। दिल्ली के खिलाफ पिछले मैच में रियान पराग की 90 रन की शानदार पारी की बदौलत राजस्थान ने 225 रन बनाए थे, लेकिन विपक्षी टीम ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। ऐसे में कप्तान रियान पराग गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे। जोफ्रा आर्चर अब तक 15 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं।
बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान को मजबूत शुरुआत दिलाई है। वैभव 404 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर हैं, जबकि जायसवाल भी शानदार फॉर्म में दिखे हैं। हालांकि ध्रुव जुरेल की धीमी बल्लेबाजी चिंता का कारण बनी हुई है। उनका स्ट्राइक रेट टीम की रन गति को प्रभावित कर रहा है।
गुजरात की बात करें तो टीम का टॉप ऑर्डर शानदार लय में नजर आ रहा है। शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर लगातार रन बना रहे हैं। सुदर्शन ने हालिया मुकाबलों में एक शतक और दो अर्धशतक जड़कर विपक्षी गेंदबाजों की मुश्किलें बढ़ाई हैं। वहीं बटलर की फॉर्म में वापसी ने टीम को और मजबूत बना दिया है।
गुजरात की गेंदबाजी इस सीजन उसकी सबसे बड़ी ताकत साबित हुई है। कगिसो रबाडा 16 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा भी तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती दे रहे हैं। जयपुर की पिच पर यह तिकड़ी राजस्थान के बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकती है।
सवाई मानसिंह स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मूवमेंट मिल सकती है, लेकिन बल्लेबाज सेट होने के बाद बड़े शॉट आसानी से खेल सकते हैं। हाल के मैचों में यहां बड़े स्कोर आसानी से चेज हुए हैं, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी चुन सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार जयपुर में मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 32 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है और मौसम साफ रहेगा।
संभावित प्लेइंग-12
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, शुभम दुबे, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, नांद्रे बर्गर, बृजेश शर्मा, तुषार देशपांडे।
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर, वाशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार, राहुल तेवतिया।



